Last Updated: October 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

श्रीलंका के खिलाफ सीमित ओवरों की श्रृंखला में विलियमसन, साउदी को जगह नहीं, IPL टीमों से जुड़ेंगे

March 14, 2023

श्रीलंका के खिलाफ सीमित ओवरों की श्रृंखला में विलियमसन, साउदी को जगह नहीं, IPL टीमों से जुड़ेंगे

केन विलियमसन और टिम साउदी सहित न्यूजीलैंड के चार खिलाड़ियों को देश के क्रिकेट बोर्ड (एनजेडसी) ने श्रीलंका के खिलाफ सीमित ओवरों की घरेलू श्रृंखला में हिस्सा लिए बिना अपनी संबंधित इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टीमों में शामिल होने के लिए हरी झंडी दे दी।विलियमसन (गुजरात टाइटन्स), साउदी (कोलकाता नाइट राइडर्स), डेवोन कॉन्वे और मिचेल सेंटनर की चौकड़ी शुक्रवार से यहां श्रीलंका के खिलाफ शुरू होने वाले दूसरे और अंतिम टेस्ट के बाद राष्ट्रीय टीम की जिम्मेदारी से मुक्त हो जायेंगे। उन्हें इससे अपनी आईपीएल फेंचाइजी टीमों से जल्दी जुड़ने का मौका मिलेगा।

टीम के तीन अन्य खिलाड़ी फिन एलेन (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर), लॉकी फर्ग्यूसन (केकेआर) और ग्लेन फिलिप्स (सनराइजर्स हैदराबाद) 25 मार्च को आॅकलैंड में होने वाले पहले वनडे के बाद भारत के लिए उड़ान भरेंगे।दो मैचों की मौजूदा टेस्ट श्रृंखला के समापन के बाद न्यूजीलैंड की टीम श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की एकदिवसीय और इतने ही मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला खेलेगी। आईपीएल 31 मार्च को अहमदाबाद में मौजूदा चैंपियन गुजरात टाइटन्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मैच के साथ शुरू होगा।विलियमसन की अनुपस्थिति में न्यूजीलैंड क्रिकेट (एनजेडसी) ने वनडे सीरीज के लिए टॉम लाथम को कप्तान बनाया है।

28 मार्च को क्राइस्टचर्च में हेगले ओवल में होने वाले दूसरे वनडे से पहले मार्क चैपमैन, बेन लिस्टर और हेनरी निकोल्स टीम से जुड़ेंगे। सीमित ओवरों की टीम में टॉम ब्लंडेल और विल यंग की वापसी हुई है। टीम में चाड बोवेस और बेन लिस्टर नये चेहरे है।न्यूजीलैंड के कोच गैरी स्टीड ने एनजेडसी वेबसाइट से कहा, ‘‘एक कोच के रूप में टीम में नये खिलाड़ियों के साथ वापसी करने वाले खिलाड़ियों का होना हमेशा रोमांचक होता है।’’ उन्होंने इस साल भारत में होने वाले वनडे विश्व कप (अक्टूबर-नवंबर) का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘हमें अभी से मई तक सीमित ओवरों के 16 मैच खेलने है ऐसे में कई खिलाड़ियों को परखने का मौका मिलेगा।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें