Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

Women’s T20 World Cup: T20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय महिला टीम का ऐलान, जानें किन्हें मिला मौका

May 2, 2026

Women’s T20 World Cup: T20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय महिला टीम का ऐलान, जानें किन्हें मिला मौका

खेल डेस्क: भारत ने शनिवार को विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपनी टीम घोषित कर दी है। यास्तिका भाटिया और राधा यादव की भारतीय टीम में वापसी हुई है, जबकि अनकैप्ड तेज गेंदबाज नंदिनी शर्मा को टीम में शामिल किया गया है।

बीसीसीआई मुख्यालय में शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान टीम की घोषित की गई, जिसमें कप्तान हरमनप्रीत कौर, मुख्य चयनकर्ता अमिता शर्मा और सचिव देवजीत सैकिया ने मीडिया को संबोधित किया। चयन समिति ने दिन की शुरुआत में बोर्ड मुख्यालय में बैठक की, जिसमें हरमनप्रीत और मुख्य कोच अमोल मजूमदार भी मौजूद थे। इस बैठक के बाद 15 सदस्यीय टीम को अंतिम रूप दिया गया। यही टीम 28 मई से 2 जून तक इंग्लैंड के खिलाफ तीन टी20 मुकाबले भी खेलेगी।

यास्तिका-राधा की वापसी, अनकैप्ड नंदिनी को मौका

राधा की वापसी पिछले साल इंग्लैंड में टी20 सीरीज जीतने में उनके शानदार प्रदर्शन के बाद हुई है। इस साल भी उनका ऑलराउंडर प्रदर्शन अच्छा रहा है। वहीं, घुटने की सर्जरी से उबरने के बाद यास्तिका ने टीम में वापसी की है। यास्तिका को विशाखापत्तनम में टूर्नामेंट से पहले कैंप के दौरान चोट लगी थी, जिसके कारण वह विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 नहीं खेल सकीं। नंदिनी विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2026 की उभरती हुई स्टार में से एक रही थीं, जो इस टूर्नामेंट में हैट्रिक लेने वाली पहली भारतीय हैं।

आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत को ‘ग्रुप 1’ में रखा गया है, जिसमें छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका, पाकिस्तान, बांग्लादेश और नीदरलैंड्स भी शामिल हैं। इस ग्रुप में भारत ऐसा पहला देश है, जिसने 12 जून से 5 जुलाई तक चलने वाले इस बड़े टूर्नामेंट के लिए अपनी टीम की घोषणा की है।

पाकिस्तान के खिलाफ होगी अभियान की शुरूआत

हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय टीम 14 जून को बर्मिंघम में पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले के साथ अपना अभियान शुरू करेगी। इसके बाद नीदरलैंड्स (17 जून, लीड्स), साउथ अफ्रीका (21 जून, मैनचेस्टर), बांग्लादेश (25 जून, मैनचेस्टर) और ऑस्ट्रेलिया (28 जून, लॉर्ड्स) का सामना करेगी। भारत ने अभी तक सबसे छोटे फॉर्मेट में कोई भी ग्लोबल टाइटल नहीं जीता है। टीम इंडिया विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2020 में उपविजेता रही थी। विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 का खिताब जीतने के बाद भारतीय टीम टी20 फॉर्मेट में भी खिताबी सूखे को खत्म करना चाहेगी।


भारतीय टीम:

हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिगेज, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), श्री चरणी, ​​यस्तिका भाटिया (विकेटकीपर), नंदिनी शर्मा, अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह ठाकुर, क्रांति गौड़, श्रेयंका पाटिल और राधा यादव।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें