Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

स्टार्क के संघर्षपूर्ण अर्धशतक की बदौलत SA को मिला 282 रनों का टारगेट, अच्छी स्थिति में पहुंची ऑस्ट्रेलिया

June 13, 2025

स्टार्क के संघर्षपूर्ण अर्धशतक की बदौलत SA को मिला 282 रनों का टारगेट, अच्छी स्थिति में पहुंची ऑस्ट्रेलिया

WTC Final – मिशेल स्टार्क (नाबाद 58) के संघर्षपूर्ण अर्धशतक की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने शुक्रवार को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के तीसरे दिन दूसरी पारी में 207 रन बनाए और दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए 282 रनों का मुश्किल लक्ष्य दिया। ऑस्ट्रेलिया ने कल आठ विकेट पर 144 रन से आगे खेलना शुरू किया। स्टार्क ने 16 और नाथन लियोन ने एक रन बनाकर अपनी पारी को आगे बढ़ाया। कैगिसो रबाडा ने महज चार रन बनाकर लियोन को एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया। ऑस्ट्रेलिया ने अपना नौवां विकेट 148 के स्कोर पर गंवा दिया। लेकिन स्टार्क को जोश हेजलवुड के रूप में अच्छा जोड़ीदार मिला। दोनों ने दसवां विकेट लिया और 59 रनों की साझेदारी कर ऑस्ट्रेलिया को दो सौ के पार पहुंचाया।

एडेन मार्करम ने हेजलवुड को आउट कर साझेदारी तोड़ी। हेजलवुड ने 53 गेंदों पर 17 रन की पारी में दो चौके लगाए। स्टार्क 136 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 58 रन बनाकर नाबाद रहे। लेकिन उन्होंने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 74 रनों की बढ़त मिली थी, जिसके चलते उसने दक्षिण अफ्रीका के सामने 281 रनों का लक्ष्य रखा।

दक्षिण अफ्रीका की ओर से रबाडा ने 59 रन देकर चार विकेट और लुंगी एनगिडी ने 38 रन देकर तीन विकेट लिए। मार्को जेनसेन, वियान मुल्डर और मार्करम को एक-एक विकेट मिला। दक्षिण अफ्रीका को अब जीत के लिए 282 रन बनाने होंगे। ऑस्ट्रेलियाई पारी समाप्त होते ही लंच भी ले लिया गया।

अगर ऑस्ट्रेलिया यह मैच जीत जाता है तो स्टार्क उसके सबसे बड़े सूत्रधार साबित होंगे क्योंकि दूसरी पारी में एक समय ऑस्ट्रेलिया ने 73 के स्कोर पर सात विकेट गंवा दिए थे और यहां से स्टार्क ने एलेक्स कैरी, नाथन लियोन और जोश हेजलवुड के साथ मिलकर ऑस्ट्रेलिया की पारी को काफी आगे तक पहुंचाया।स्टार्क और हेजलवुड की जोड़ी टेस्ट क्रिकेट में 10वें विकेट के लिए तीन अर्धशतकीय साझेदारियां करने वाली दूसरी जोड़ी बन गई।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें