Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘हां, सचिन को गलत आउट दिया था’, 22 साल बाद स्टीव बकनर ने मानी गलती

February 24, 2026

‘हां, सचिन को गलत आउट दिया था’, 22 साल बाद स्टीव बकनर ने मानी गलती

नई दिल्ली: क्रिकेट सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की भावना है। इस खेल में कुछ पल ऐसे होते हैं, जो सालों बाद भी फैंस को याद रहते हैं। ऐसा ही एक मामला भारतीय क्रिकेट के महान बल्लेबाज सचिन तेंडुलकर और मशहूर अंपायर स्टीव बकनर से जुड़ा है। करीब 22 साल बाद स्टीव बकनर ने माना है कि उन्होंने सचिन तेंदुलकर को दो बार गलत आउट दिया था। उन्होंने इसके लिए माफी भी मांगी है।

जब अंपायर का फैसला ही अंतिम होता था

आज के समय में क्रिकेट में DRS (डिसीजन रिव्यू सिस्टम) है, जिससे खिलाड़ी अंपायर के फैसले को चुनौती दे सकते हैं। लेकिन पहले ऐसा नहीं था। उस समय अंपायर का फैसला ही अंतिम माना जाता था। सचिन तेंदुलकर अपने करियर में कई बार गलत फैसलों का शिकार हुए, लेकिन उन्होंने कभी मैदान पर बहस नहीं की। वे हमेशा सिर झुकाकर पवेलियन लौट जाते थे। यही उनकी सादगी और खेल भावना को दिखाता है।

ब्रिस्बेन टेस्ट 2003: गेंद स्टंप्स के ऊपर थी

पहली घटना साल 2003 की है। ऑस्ट्रेलिया के ब्रिस्बेन में Australia vs India Test Series 2003–04 के दौरान गाबा मैदान पर मैच खेला जा रहा था। ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जेसन गिलेस्पी की गेंद पर बकनर ने सचिन को एलबीडब्ल्यू आउट दे दिया। टीवी रिप्ले में साफ दिखाई दिया कि गेंद स्टंप्स के ऊपर से जा रही थी। यानी सचिन आउट नहीं थे। इस फैसले से फैंस काफी निराश हुए, लेकिन सचिन बिना बहस किए मैदान छोड़कर चले गए।

सिडनी टेस्ट 2005: बल्ले से लगी ही नहीं गेंद

दूसरी घटना साल 2005 में सिडनी टेस्ट के दौरान हुई। इस मैच में पाकिस्तान के गेंदबाज अब्दुल रज्जाक की गेंद पर सचिन को कैच आउट दे दिया गया। रिप्ले में देखा गया कि गेंद उनके बल्ले को छूकर भी नहीं गई थी। यानी यह फैसला भी गलत था। इस बार भारतीय फैंस काफी नाराज हुए और बकनर की जमकर आलोचना हुई।

 

बकनर ने क्या कहा?

हाल ही में एक इंटरव्यू में स्टीव बकनर ने इन दोनों घटनाओं को याद करते हुए कहा कि उनसे दो बड़ी गलतियां हुईं। उन्होंने माना कि एक बार गेंद स्टंप्स के ऊपर जा रही थी। दूसरी बार गेंद बल्ले को छुए बिना ही उन्होंने आउट दे दिया। बकनर ने कहा कि इतने बड़े खिलाड़ी के खिलाफ गलत फैसला देना उन्हें लंबे समय तक खटकता रहा। उन्होंने यह भी कहा कि आज DRS की वजह से अंपायरिंग ज्यादा बेहतर और पारदर्शी हो गई है, और सभी अंपायरों को तकनीक का साथ लेना चाहिए।

सचिन की महानता

सचिन तेंदुलकर को क्रिकेट का “भगवान” कहा जाता है, लेकिन उनकी असली महानता सिर्फ उनके रनों में नहीं, बल्कि उनके व्यवहार में भी है। उन्होंने कभी अंपायर से बहस नहीं की, न ही गुस्सा दिखाया। यही कारण है कि वे सिर्फ महान बल्लेबाज ही नहीं, बल्कि एक आदर्श खिलाड़ी भी माने जाते हैं।

2024 में किया मजेदार इशारा

साल 2024 में भारत के ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले सचिन ने सोशल मीडिया पर एक मजेदार तस्वीर शेयर की थी। तस्वीर में वे तीन बड़े पेड़ों के सामने बल्लेबाजी करते दिख रहे थे, जो दूर से स्टंप्स जैसे लग रहे थे। उन्होंने कैप्शन में लिखा था- “किस अंपायर ने स्टंप्स को इतना बड़ा महसूस कराया?” फैंस ने तुरंत समझ लिया कि यह मजाकिया अंदाज में पुराने फैसलों की तरफ इशारा था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें