स्पोर्ट्स डेस्क: जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के टी20 इंटरनेशनल कप्तान सिकंदर रजा के छोटे भाई मोहम्मद महदी का सिर्फ 13 साल की उम्र में निधन हो गया। महदी ने 29 दिसंबर 2025 को हरारे में आखिरी सांस ली। इसके बाद 30 दिसंबर को हरारे के वॉरेन हिल्स कब्रिस्तान में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
जिम्बाब्वे क्रिकेट बोर्ड (ZC) ने इस दुखद घटना की जानकारी साझा करते हुए बताया कि मोहम्मद महदी जन्म से ही हीमोफिलिया नाम की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। इस बीमारी में शरीर का खून सही तरीके से जम नहीं पाता, जिससे मामूली चोट भी जानलेवा हो सकती है। बोर्ड के मुताबिक, हाल ही में स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानियों के कारण महदी की हालत बिगड़ गई थी, जिसके चलते उनका निधन हो गया।
ये भी पढ़ें: हड्डियां तोड़कर सूटकेस में डाली गई महिला की लाश, केस सुलझाने में जुटी पुलिस
जिम्बाब्वे क्रिकेट बोर्ड ने जताया शोक
जिम्बाब्वे क्रिकेट बोर्ड ने सिकंदर रजा और उनके पूरे परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। बोर्ड ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि इस कठिन समय में पूरा क्रिकेट परिवार रजा के साथ खड़ा है। बोर्ड, खिलाड़ी, स्टाफ और प्रबंधन सभी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को हिम्मत देने की प्रार्थना की है।
सिकंदर रजा की भावुक प्रतिक्रिया
अपने छोटे भाई के निधन पर सिकंदर रजा पूरी तरह टूट गए हैं। उन्होंने जिम्बाब्वे क्रिकेट के शोक संदेश पर दिल टूटने वाला इमोजी शेयर कर अपनी भावनाएं जाहिर कीं। हाल ही में रजा ने इंटरनेशनल लीग टी20 (ILT20) में शारजाह वॉरियर्स टीम की ओर से खेला था। इस टूर्नामेंट में उन्होंने 10 मैचों में 171 रन बनाए और 10 विकेट भी लिए। हालांकि, उनके अच्छे प्रदर्शन के बावजूद शारजाह वॉरियर्स की टीम अंक तालिका में आखिरी स्थान पर रही और सिर्फ तीन मैच जीत पाई।
Video: Congress नेता नरेंद्र तोमर ने पार्षद पर आरोप, वार्ड 2 विकास व फंड सवाल
टी20 वर्ल्ड कप 2026 पर नजर
अब सिकंदर रजा की नजर आगामी टी20 वर्ल्ड कप 2026 पर होगी। इस टूर्नामेंट में जिम्बाब्वे को ग्रुप-बी में रखा गया है, जहां उसका सामना ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, आयरलैंड और ओमान जैसी टीमों से होगा। जिम्बाब्वे अपनी वर्ल्ड कप यात्रा की शुरुआत 9 फरवरी को ओमान के खिलाफ मुकाबले से करेगा।

