Site icon Dainik Savera Times

एजेंसियों पर कब्जा करके वित्तीय एकाधिकार रखना चाहते हैं मोदी : Rahul Gandhi

INDIA Alliance

INDIA Alliance

नई दिल्लीः कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर केंद्रीय एजेंसियों पर कब्जा करके वित्तीय एकाधिकार कायम करने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि आगामी लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 180 सीटें जीतने का भी आंकड़ा पार नहीं कर पाएंगी। गांधी ने शुक्रवार को पार्टी का घोषणापत्र जारी करने के बाद संवाददाताओं से कहा, कि ‘‘जिस तरह से अडानी का बंदरगाहों, बुनियादी संरचनाओं और रक्षा क्षेत्र में एकाधिकार है, उसी तरह श्री मोदी केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई), प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और आय कर (आईटी) विभाग का इस्तेमाल करके वित्तीय एकाधिकार कायम करना चाहते हैं। ’’

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि लोकसभा चुनावों में बहुत करीबी मुकाबला है और उन्होंने सभी को 2004 के ‘इंडिया शाइनिंग’ नारे और उसके नतीजे की याद दिलाई। कांग्रेस नेता ने कहा, कि ‘यह कोई सामान्य चुनाव नहीं है। एक ओर नरेन्द्र मोदी जी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) लोकतंत्र और संविधान पर हमला कर रहे हैं और दूसरी तरफ इंडिया समूह लोकतंत्र और संविधान की रक्षा कर रहा है। यह चुनाव दो शक्तियों के बीच होगा।’’ गांधी ने इंडिया समूह के भाग्य पर विश्वास जताते हुए जनता को याद दिलाया कि यह एक वैचारिक लड़ाई है।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, कि ‘यह चुनाव देश के लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिये है। यह चुनाव राजग के खिलाफ है जो देश के लोकतंत्र और संविधान को खत्म करना चाहता है। इंडिया समूह देश के बुनियादी संरचना की रक्षा करना चाहता है। हमारा मानना है कि देश दो या तीन उद्योगपतियों से नहीं बल्कि देश की जनता की भागीदारी से चलाया जा सकता है।’’ गांधी ने आरोप लगाया कि श्री मोदी डरे हुए हैं और यही कारण है कि वह बार-बार ‘अबकी बार 400 पार’ का नारा लगा रहे हैं। चुनावी बॉन्ड की सारी जानकारी और पूरा ब्लू पिंट्र सामने आ गया है कि किससे पैसे वसूले गए और किसे ठेके दिए गए और कितने पैसे दिए गए।’’

Exit mobile version