Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ केस करने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी पर धारदार हथियार से हमला, नाक काटने का प्रयास

March 8, 2026

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ केस करने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी पर धारदार हथियार से हमला, नाक काटने का प्रयास

यूपी डेस्क। प्रयागराज आने के दौरान आशुतोष ब्रह्मचारी पर ट्रेन के अंदर ही जानलेवा हमला किए जाने की खबर सामने आई है। जहां, आशुतोष ब्रह्मचारी वही व्यक्ति हैं जिन्होंने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ कोर्ट में यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया है। इस घटना के बाद इलाके में काफी हलचल मच गई है।

ट्रेन के अंदर धारदार हथियार से हमला
मिली जानकारी के अनुसार आशुतोष ब्रह्मचारी गाजियाबाद से रीवा एक्सप्रेस ट्रेन में सवार होकर प्रयागराज आ रहे थे। वह ट्रेन के एच-1 कोच में यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान फतेहपुर और कौशांबी जिलों के बीच सिराथू रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के अंदर ही किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।हमलावर ने अचानक उन पर वार किया, जिससे आशुतोष ब्रह्मचारी को कई जगह चोटें आईं और वह लहूलुहान हो गए।

टॉयलेट में बंद होकर बचाई जान
हमले के दौरान आशुतोष ब्रह्मचारी ने किसी तरह खुद को बचाते हुए ट्रेन के टॉयलेट में जाकर दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। इसी वजह से उनकी जान बच सकी। अगर वह ऐसा नहीं करते तो हमला और गंभीर हो सकता था। घायल अवस्था में ही वह ट्रेन से प्रयागराज पहुंचे। फिलहाल डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर लगाया साजिश का आरोप
प्रयागराज पहुंचने के बाद आशुतोष ब्रह्मचारी ने मीडिया से बातचीत करते हुए इस हमले के पीछे शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का हाथ होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि हमलावर उनकी नाक काटना चाहता था। आशुतोष ब्रह्मचारी का दावा है कि हाल ही में उनके खिलाफ 21 लाख रुपये का इनाम रखा गया था, ताकि उनकी नाक काटी जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि हमलावर ने हमला करते समय कहा था कि “तुमने हमारे गुरु के खिलाफ केस दर्ज करवाया है, तुम्हें मार देंगे।”

जीआरपी थाने में दर्ज कराई एफआईआर
घटना के बाद आशुतोष ब्रह्मचारी ने प्रयागराज जंक्शन पर जीआरपी थाने में इस मामले की एफआईआर दर्ज कराई है। इसके बाद उन्हें मेडिकल जांच के लिए प्रयागराज के कॉल्विन अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया।

हाईकोर्ट में सुनवाई के लिए आ रहे थे प्रयागराज
बताया जा रहा है कि आशुतोष ब्रह्मचारी प्रयागराज इसलिए आ रहे थे क्योंकि 12 मार्च को इलाहाबाद हाईकोर्ट में मथुरा श्री कृष्ण जन्मभूमि विवाद से जुड़े मामले की सुनवाई होनी है। इसके अलावा स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर लगाए गए यौन शोषण के आरोपों से जुड़े मामले में भी हाईकोर्ट में जवाब दाखिल किया जाना है। इन दोनों मामलों में पैरवी करने के लिए ही वह प्रयागराज आ रहे थे।

पुलिस कर रही मामले की जांच
फिलहाल पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। ट्रेन में हमला होने की वजह से रेलवे पुलिस भी जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमला किसने किया और इसके पीछे किसकी साजिश हो सकती है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें