Last Updated: October 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

bahraich accident : सड़क हादसे में बाइक सवार आठ वर्षीय बच्चे समेत परिवार के तीन सदस्यों की मौत

March 29, 2024

bahraich accident : सड़क हादसे में बाइक सवार आठ वर्षीय बच्चे समेत परिवार के तीन सदस्यों की मौत

बहराइच। बहराइच जिले के हरदी थाना क्षेत्र में एक ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आने से दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर जा रहे आठ वर्षीय बच्चे सहित एक ही परिवार और रिश्ते के तीन लोगों की मौत हो गयी और तीन अन्य घायल हो गये। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) पवित्र मोहन त्रिपाठी ने बताया कि हरदी थानांतर्गत गंदला गांव के निकट एक परिवार के लोग दो बाइकों पर सवार होकर कहीं जा रहे थे कि इसी बीच उनकी बाइक की सामने से आ रही ट्रैक्टर ट्राली से टक्कर हो गई। उन्होंने बताया कि टक्कर के फलस्वरूप एक बाइक पर सवार आठ वर्षीय बालक तथा दूसरी बाइक पर सवार परिवार के दो अन्य युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, टक्कर के फलस्वरूप एक बाइक पर सवार आठ वर्षीय अंकित, आशाराम (25) व बाइक चला रहे गंगाराम (28) की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी! दुर्घटना में दूसरी बाइक चला रहे मालती कुमार (50), प्रीती (35) व संजना (03) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज हेतु जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, मृतक बालक अंकित व तीन घायल थाना रामगांव अन्तर्गत चमारनपुरवा गाँव के निवासी बताए जा रहे हैं। मृतक आशाराम थाना खैरीघाट अंतर्गत ग्राम बकैना के व दूसरा मृतक गंगाराम थाना बौंडी अंतर्गत प्रह्लाद पुरवा गांव के निवासी थे। सभी आपस में नजदीकी रिश्तेदार थे और रिश्तेदारी में होली मिल कर दूसरे गांव से वापस घर लौट रहे थे।

एएसपी ने कहा कि घायलों को इलाज हेतु जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना करने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है। उन्होंने बताया कि चालक वाहन को मौके पर छोड़कर भाग गया है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें