Site icon Dainik Savera Times

बहराइच: व्यक्ति ने तलाकशुदा पत्नी को मोटरसाइकिल से बांधकर घसीटा, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Bahraich News

Bahraich News

बहराइचः जिले में एक व्यक्ति को अपनी तलाकशुदा पत्नी को मोटरसाइकिल से बांधकर सड़क पर घसीटते हुए कथित तौर पर उसकी हत्या का प्रयास के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह घटना नानपारा कोतवाली क्षेत्र में हुई, जिसमें महिला व आरोपी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, रामगांव क्षेत्र के मुसल्लमपुर गांव निवासी रहीस ने करीब एक वर्ष पहले नानपारा निवासी रेशमा से शादी की थी लेकिन आपसी विवाद के कारण दोनों का जनवरी में तलाक हो गया, जिसके बाद महिला अपने मायके में रह रही थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी बुधवार को नानपारा आया था और लक्ष्मणपुर मतेही गांव के पास घर लौट रही अपनी तलाकशुदा पत्नी से उसका आमना-सामना हुआ। उन्होंने बताया कि दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई। पुलिस ने बताया कि रहीस ने पहले महिला को मोटरसाइकिल से टक्कर मारी और फिर उसे वाहन से बांधकर सड़क पर घसीटा। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे छुड़ाया।

स्थानीय लोगों ने गुस्से में आरोपी की पिटाई कर दी, जिससे वह भी घायल हो गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। नानपारा के क्षेत्रधिकारी पहुप सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है, जिनमें हत्या का प्रयास, चोट पहुंचाना, आपराधिक धमकी और अपमान शामिल हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और जांच जारी है।

Exit mobile version