Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

बहराइचः जमीन विवाद को लेकर बेटा ने माता-पिता, दादी व बहन की हत्या की

March 2, 2026

बहराइचः जमीन विवाद को लेकर बेटा ने माता-पिता, दादी व बहन की हत्या की

बहराइच। जिले के रुपईडीहा क्षेत्र में कथित तौर पर जायदाद के विवाद में एक व्यक्ति ने अपने माता-पिता, दादी तथा बहन पर कुल्हाड़ी से प्रहार कर उनकी हत्या कर दी और खुद को भी घायल कर लिया। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि बसन्तपुर रूदल के मजरा रामगांव निवासी गुरुदेव ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि रविवार रात करीब 12 बजे शोर सुनकर जब वह अपने कमरे से बाहर निकले तो देखा कि उनका छोटा भाई निरंकार, पिता बदलू राम (60) द्वारा बेची गई जमीन व गहनों से मिली रकम नहीं देने को लेकर झगड़ा कर रहा था।

तिवारी ने बताया कि तहरीर के अनुसार इसी दौरान आवेश में आकर निरंकार ने कुल्हाड़ी से हमला कर अपने पिता बदलू राम (60), मां संजू देवी (56), दादी सिताला देवी (80) और बहन पार्वती (38) की हत्या कर दी।

अपर पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, आरोपी ने अपने भाई गुरुदेव के सिर पर भी कुल्हाड़ी से वार किया, जिससे वह घायल हो गया। उन्होंने बताया कि गुरुदेव के बेटे आजाद के शोर मचाने पर गांव के लोग इकट्ठा हो गए तो निरंकार ने अपने सिर पर ईंट से कई बार प्रहार कर खुद को भी घायल कर लिया।

तिवारी ने बताया कि इस संबंध में निरंकार के विरुद्ध प्रासंगिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।  पुलिस ने मौके से आरोपी को हिरासत में लेकर जिला अस्पताल बहराइच में भर्ती कराया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। उन्होंने बताया कि गुरुदेव का इलाज रुपईडीहा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में किया जा रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और मामले की जांच जारी है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें