Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

Ballia: अधिवक्ता की मौत मामले में प्रेमिका गिरफ्तार

September 12, 2023

Ballia: अधिवक्ता की मौत मामले में प्रेमिका गिरफ्तार

बलियाः प्रदेश के बलिया जिले के उभांव थाना इलाके में करीब डेढ़ माह पूर्व एक अधिवक्ता की रहस्यमय परिस्थिति में हुई मौत के मामले में पुलिस ने उसकी कथित प्रेमिका को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) मोहम्मद फहीम कुरैशी ने बताया कि उभांव थाना क्षेत्र के ककरासो गांव निवासी अधिवक्ता गोरख प्रसाद (50) की 23 जुलाई को एक अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गयी थी। कुरैशी ने बताया कि पुलिस ने मामले को सुलझाते हुए उभांव थाना क्षेत्र के भिंड कुंड गांव की अधिवक्‍ता की प्रेमिका रानी देवी (40) को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया।

रानी देवी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 304 (गैर इरादतन हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि रानी देवी ने पुलिस की पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। उसने बताया कि अधिवक्ता गोरख प्रसाद गत 22 जुलाई की रात नशे की हालत में उसके घर आए थे। उसकी अधिवक्ता से कहासुनी हो गई थी। पुलिस ने रानी के हवाले से बताया कि अधिवक्ता नशे की हालत में लकड़ी के गेट और खूंटे पर गिर गए जिसके चलते उन्हें चोट लग गई थी। रानी ने डर के कारण अपने भाई और बेटे की मदद से टेंपो से उन्हें सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य केन्‍द्र, सीयर पहुंचा दिया था। बाद में मऊ में उपचार के दौरान अधिवक्ता की मौत हो गई। अधिवक्ता गोरख प्रसाद की सड़क दुर्घटना में मौत का मामला पुलिस ने दर्ज किया था। इस मामले को लेकर अधिवक्ताओं ने आंदोलन किया था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें