Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने बस को मारी टक्कर, तीन लोग जिंदा जले, दर्जनों घायल

December 2, 2025

दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने बस को मारी टक्कर, तीन लोग जिंदा जले, दर्जनों घायल

यूपी डेस्क। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में सोमवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया है। जहां, सोनौली से दिल्ली जा रही एक प्राइवेट बस को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस हाईटेंशन बिजली के खंभे से टकरा गई और करंट की चपेट में आकर उसमें भीषण आग लग गई। इस हादसे में तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 24 से ज्यादा यात्री घायल हो गए।

कैसे हुआ हादसा
देर रात करीब 2 बजे, कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के फुलवरिया बाईपास पर यह घटना हुई। सोनौली से दिल्ली जा रही बस में 40 से ज्यादा यात्री सवार थे। तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस करीब 100 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई आखिर में बस सड़क के किनारे लगे हाईटेंशन बिजली के खंभे से जा टकराई

खंभे से टक्कर होते ही बस में दौड़ा करंट
जैसे ही बस खंभे से टकराई वैसे हाईटेंशन लाइन के तार टूटकर बस पर गिर पड़े। जिसके बाद पूरी बस में करंट फैल गया। कुछ ही पलों में बस आग के गोले की तरह जलने लगी। अचानक हुए इस हादसे से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

यात्रियों ने खिड़कियां तोड़कर बचाई जान
जब आग फैलनी शुरू हुई, तब कई यात्रियों ने खिड़कियां और शीशे तोड़कर बाहर कूदने की कोशिश की। बहुत से लोग बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन तीन लोग बस के अंदर ही फंस गए। आग इतनी भयंकर थी कि वे जिंदा जल गए। फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम ने बाद में बस के अंदर से उनके शव निकाले।

24 यात्री झुलसे, 6 की हालत गंभीर
हादसे में करीब 24 लोग झुलस गए, जिनमें कई नेपाल के रहने वाले बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। 6 गंभीर मरीजों को बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। इस दौरान ट्रक भी पलट गया और उसमें भी आग लग गई। पुलिस ने ट्रक के नीचे से भी एक झुलसा हुआ शव बरामद किया, जो ट्रक सवार व्यक्ति का होने की आशंका है।

 

चश्मदीदों का आया चौंकाने वाला बयान
नेपाल निवासी यात्री सुभाष आर्यन ने बड़ा खुलासा किया। उन्होंने बताया बस का ड्राइवर नशे में था। सोनौली से निकलने के बाद उसने कई जगहों पर शराब पी। सभी यात्री सो रहे थे, तभी अचानक तेज धमाका हुआ और बस में आग फैल गई।

कंबलों के कारण बढ़ी आग
फायर ब्रिगेड ऑफिसर अंकित कुमार ने बताया कि ट्रक में कंबलों के बंडल लदे थे। कंबल जल्दी जलने वाले होते हैं, इस कारण आग और तेजी से फैल गई।

पुलिस जांच जारी
SP विकास कुमार ने कहा कि हादसे के असली कारण जानने के लिए जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने शिकायत की कि फुलवरिया बाईपास पर अक्सर हादसे होते रहते हैं। यहां सही चौराहे और सुरक्षा संकेतों की कमी है। लोगों का कहना है कि अगर यहां बेहतर सुरक्षा व्यवस्था होती तो शायद हादसों में कमी आती।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें