Last Updated: October 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

बिहार : पश्चिम चंपारण के डीईओ के 7 ठिकानों पर छापे, 2 करोड़ से अधिक की नकदी बरामद

January 24, 2025

बिहार : पश्चिम चंपारण के डीईओ के 7 ठिकानों पर छापे, 2 करोड़ से अधिक की नकदी बरामद

पटना/बेतिया: बिहार में विशेष निगरानी इकाई ने पश्चिम चंपारण के जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) रजनीकांत प्रवीण के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बसंत विहार स्थित आवास समेत 7 ठिकानों पर वीरवार को एक साथ छापेमारी की। इन ठिकानों में बेतिया, वाल्मीकिनगर, समस्तीपुर, मधुबनी और दरभंगा शामिल हैं। वीरवार सुबह पटना से विशेष निगरानी इकाई की टीम बेतिया पहुंची और जिला शिक्षा पदाधिकारी के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित बसंत विहार स्थित आवास में छापेमारी शुरू की।

बेतिया में यह छापामारी वीरवार सुबह करीब 7.30 बजे से शुरू हुई। डीईओ पर अवैध ढंग से अकूत संपत्ति अर्जित करने की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है। इस दौरान उनके ठिकानों से 2 करोड़ रुपए से अधिक की नकद राशि बरामद की गई है। इसके साथ ही करोड़ों रुपए की चल-अचल संपत्ति के दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। छापेमारी के दौरान निगरानी टीम को नोट गिनने की मशीन और आभूषण वजन करने की मशीन मंगानी पड़ी। सूत्रों ने बताया कि डीईओ के बेतिया स्थित आवास से 27 किलोग्राम चांदी और 2 किलोग्राम के स्वर्ण आभूषण बरामद हुए हैं। इस दौरान प्रवीण के क्लर्क अंजनी कुमार के घर पर भी टीम पहुंची लेकिन घर पर ताला लगा मिला। पड़ोसियों की मानें तो सभी लोग कार्रवाई की भनक लगते ही फरार हो गए।

वहीं, निगरानी की टीम के सदस्य जिला शिक्षा कार्यालय भी गए थे। वहां भी उपस्थित लोगों से कुछ जानकारी हासिल की लेकिन वहां से कोई आपत्तिजनक वस्तु हाथ नहीं लगी। गौरतलब है कि जिला शिक्षा पदाधिकारी रजनीकांत पिछले 3 साल से बेतिया में पदस्थापित हैं। वे नालंदा जिले के रहने वाले हैं और समस्तीपुर में उनका ससुराल है। इनकी पत्नी निजी विद्यासलय चलाती हैं। बेतिया में छापामारी की कार्रवाई करीब 10 घंटे तक चली।

ये भी पढ़ें :- 49 दिन बाद खुला होर्मुज स्ट्रेट, ईरान का बड़ा ऐलान; दुनिया को मिली राहत

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें