Last Updated: October 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

बुलंदशहरः हथियारों की तस्करी में लिप्त पिता-पुत्र समेत दो गिरफ्तार

December 28, 2024

बुलंदशहरः हथियारों की तस्करी में लिप्त पिता-पुत्र समेत दो गिरफ्तार

बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के खुर्जा नगर और खुर्जा देहात थाना पुलिस ने अवैध तस्करी में लिप्त पिता-पुत्र समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बड़ी मात्र में अवैध असलहे, कारतूस और वाहन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान थाना खुर्जा नगर क्षेत्र अंतर्गत शेख साहिबान मोहल्ले के निवासी रिजवान अंसारी और उसके बेटे अदनान के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि दोनों के पास से 315 बोर के पांच अवैध तमंचे, 10 कारतूस, 12 बोर के दो अवैध तमंचे, छह कारतूस, 32 बोर के दो अवैध पिस्तौल, छह कारतूस और एक बलेनो गाड़ी बरामद की गई है। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में थाना खुर्जा नगर पर एक अन्य मामला दर्ज कराया गया है। उन्होंने बताया कि रिजवान के खिलाफ बुलंदशहर में पहले से पांच और दिल्ली में एक मामला दर्ज है और उसके बेटे अदनान के ऊपर बुलंदशहर में दो मामले दर्ज हैं।

पुलिस अधीक्षक (देहात) रोहित मिश्र ने बताया कि थाना खुर्जा नगर क्षेत्र अंतर्गत खुर्जा निवासी रिजवान अवैध हथियारों का आपूíतकर्ता रहा है, जो जेल में बंद था और वह 26 दिसंबर को जमानत पर रिहा हुआ और देर रात में मोहल्ले में जाकर उसके द्वारा जश्न मनाते हुए आतिशबाजी की गई, डीजे बजाया गया और अपने साथ के लोगों के साथ मिलकर हवाई फायरिंग भी की गई।

मिश्र ने बताया कि इसकी सूचना जब स्थानीय पुलिस को मिली तो मौके पर जाकर जांच पड़ताल एवं छानबीन की गई और इस संबंध में एक मुकदमा विभिन्न धाराओं में दर्ज कराया गया। उस अभियुक्त की तलाश के लिए खुर्जा देहात और खुर्जा नगर की टीम शुक्रवार रात लगी हुई थी। एसपी ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि राजमार्ग पर एक गाड़ी के जरिए अभियुक्त जा रहा है, जिस पर दोनों थानों की टीम और दोनों थाना प्रभारी मौके पर पहुंच गए और जांच के दौरान उस कार को रोकने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि इसके बाद दोनों आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया और गाड़ी की तलाशी ली गई तो उसमें सात अवैध तमंचे और दो अवैध पिस्टल बरामद हुई हैं।

ये भी पढ़ें- समुद्री सुरक्षा से उड़ानों तक स्थिति सामान्य, 24 घंटे में 49 समेत 2,729 भारतीय नाविक लौटे देश

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें