Last Updated: October 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

महाकुंभ को मृत्यु कुंभ कहना भारतीय संस्कृति को मानने वालों हिंदुओं का अपमान : Keshav Prasad Maurya

February 19, 2025

महाकुंभ को मृत्यु कुंभ कहना भारतीय संस्कृति को मानने वालों हिंदुओं का अपमान : Keshav Prasad Maurya

Keshav Prasad Maurya : उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने ममता बनर्जी द्वारा महाकुंभ को मृत्यु कुंभ कहे जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर की हैं। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि चाहे वह ममता बनर्जी हों या फिर समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव, महाकुंभ के सफल आयोजन से इन लोगों को चिढ़ हो रही है। इन नेताओं को केवल मुस्लिम तुष्टिकरण से संबंधित कार्यों में ही रुचि है और महाकुंभ जैसे भारतीय संस्कृति के प्रतीक आयोजन को नकारात्मक तरीके से पेश करना मुख्य उद्देश्य है।

ममता बनर्जी द्वारा महाकुंभ को मृत्यु कुंभ कहे जाने पर मौर्य ने कहा कि महाकुंभ को मृत्यु कुंभ कहना भारतीय संस्कृति को मानने वाले करोड़ों हिंदुओं का अपमान है। इस अपमान का जवाब जरूर मिलेगा, लेकिन ममता बनर्जी और अखिलेश यादव को महाकुंभ पर बार-बार सवाल उठाने के लिए तत्काल क्षमा मांगनी चाहिए।

केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव के उस एक्स पोस्ट पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा असंसदीय भाषा के उपयोग करने की बात कही थी। मौर्य ने इस पर कहा कि समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव और उनकी पार्टी के लोग अगर ज्ञान न दें तो अच्छा होगा। जिस प्रकार से प्रदेश की सेवा हो रही है और आम जनता खुशी से झूम रही है, यह समाजवादी पार्टी को हजम नहीं हो रहा है। उनका हाजमा खराब हो गया है। कुंभ की सफलता से वह विक्षिप्त अवस्था में पहुंच गए हैं।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कुंभ इतना सफल हुआ है कि आपको इसे स्वीकार करना चाहिए। आप यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री हैं, यहां के सांसद हैं और एक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, लेकिन क्योंकि उनकी तुष्टिकरण की राजनीति में कुंभ की सफलता नहीं समाती, इसलिए वह ऐसी बातें करते हैं।केशव प्रसाद मौर्य ने ममता बनर्जी, अखिलेश यादव और मल्लिकाजरुन खड़गे को भी निशाने पर लिया, जो कुंभ के विरोध में लगातार बयान दे रहे हैं। मौर्य का कहना था कि ये नेता अपनी पार्टी को रसातल की ओर ले जा रहे हैं, और उनकी राजनीति केवल नफरत फैलाने और तुष्टिकरण पर आधारित है।

बता दें कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने महाकुंभ के आयोजन को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए महाकुंभ को ‘मृत्यु कुंभ‘ की संज्ञा दी थी, जिसको लेकर बवाल देखने को मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस धार्मकि आयोजन में वीवीआईपी को विशेष सुविधाएं दी जा रही हैं, जबकि गरीब और सामान्य श्रद्धालु इन सुविधाओं से वंचित हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें