Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

AMU के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में दो छात्र गुटों के बीच झड़प, 5 आरोपी गिरफ्तार

April 23, 2025

AMU के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में दो छात्र गुटों के बीच झड़प, 5 आरोपी गिरफ्तार

अलीगढ़। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मंगलवार रात छात्रों के दो गुटों के बीच हुई झड़प और गोलीबारी के सिलसिले में विश्वविद्यालय के कई छात्रों समेत 10 युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस क्षेत्रधिकारी अभय पांडेय ने बुधवार को बताया कि अस्पताल के आपातकालीन सेवा केंद्र में हुई झड़प के बाद घटनास्थल से पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में कल 10 युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि वारदात के दौरान दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी भी हुई। इस झड़प के बाद अस्पताल के जूनियर डॉक्टरों ने सुरक्षा व्यवस्था में चूक का हवाला देते हुए अस्पताल के शटर बंद कर दिए। इससे दर्जनों मरीज फंस गए।

उन्होंने बताया कि मौके से गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान सुहैल, जैद, अल्तमश और अहमद फैज के रूप में हुई है। एएमयू के प्रॉक्टर मोहम्मद वसीम अली ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में से अहमद फैज विश्वविद्यालय का छात्र है। अभी भी इस बात की पुष्टि की जा रही है कि गोलीबारी के समय मौके पर गिरफ्तार किए गए अन्य चार लोग विश्वविद्यालय के छात्र हैं या फिर बाहरी लोग हैं।

एएमयू के सूत्रों के मुताबिक मंगलवार की शाम एएमयू एथलेटिक्स ग्राउंड में वार्षकि हॉर्स शो के दौरान बैठने की जगह को लेकर उठे विवाद के बाद छात्रों के दो समूहों में झड़प हो गई। इस झड़प में मोहम्मद आदी नामक एक छात्र घायल हो गया।

बाद में जब घायल छात्र का जवाहरलाल नेहरू अस्पताल के आपातकालीन केंद्र में इलाज चल रहा था तभी छात्रों का दूसरा गुट वहां पहुंच गया और अस्पताल के अंदर फिर से झड़प हो गई। इस दौरान कथित तौर पर गोलियां चलाई गयीं। सूत्रों के मुताबिक हालात को देखते हुए अस्पताल के कर्मचारियों ने शोर मचाया। पुलिस तथा एएमयू सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें