Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

माघ मेला में पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ, संगम में लगाई डुबकी

January 10, 2026

माघ मेला में पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ, संगम में लगाई डुबकी

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को प्रयागराज पहुंचे। उनका यह दौरा करीब सात घंटे का रहा। इस दौरान उन्होंने माघ मेला क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। यह दौरा माघ मेला को मिनी कुंभ की तरह सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के उद्देश्य से किया गया। मुख्यमंत्री सुबह लखनऊ से रवाना होकर 10:20 बजे प्रयागराज के परेड ग्राउंड हेलीपैड पहुंचे। यहां से वे सीधे संगम नोज पहुंचे और गंगा स्नान व पूजा-अर्चना की।

 

संगम नोज पर स्नान और पूजा
सीएम योगी ने संगम नोज पहुंचकर गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। इसके बाद विधिवत गंगा पूजन किया और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। स्नान और पूजन के बाद वे वीआईपी घाट पहुंचे।

बड़े हनुमान मंदिर में दर्शन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह 10:35 बजे बड़े हनुमान मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। मंदिर दर्शन के बाद वे वीआईपी घाट होते हुए फिर संगम नोज पहुंचे और वहां कुछ समय बिताया।

 

संतों से मिले मुख्यमंत्री
करीब 11:25 बजे मुख्यमंत्री माघ मेला क्षेत्र में स्थित जगद्गुरु संतोष दास ‘सतुआ बाबा’ के शिविर पहुंचे। यहां उन्होंने साधु-संतों से मुलाकात की और उनसे माघ मेला की व्यवस्थाओं को लेकर बातचीत की। इस दौरान संत समाज ने माघ मेला की व्यवस्था को लेकर अपने सुझाव मुख्यमंत्री के सामने रखे। मुख्यमंत्री ने यहां प्रसाद और भोजन भी ग्रहण किया। वे करीब दोपहर 1:15 बजे तक शिविर में मौजूद रहे।

 

भीड़, सुरक्षा और सुविधाओं पर हुई चर्चा
दोपहर 1:20 बजे मुख्यमंत्री त्रिवेणी इंटरप्राइजेज कॉन्फ्रेंस सेंटर (ट्रिपल आईसी सभागार) पहुंचे। यहां उन्होंने माघ मेला की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में मकर संक्रांति, मौनी अमावस्या और वसंत पंचमी जैसे प्रमुख स्नान पर्वों पर होने वाली भीड़ को लेकर विशेष चर्चा हुई। भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाएं और रहने की सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए।

 

बढ़ती भीड़ को लेकर प्रशासन सतर्क
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। अधिकारियों के अनुसार अब तक 31 लाख से ज्यादा श्रद्धालु संगम में स्नान कर चुके हैं। मकर संक्रांति पर लगभग 1.5 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना है, जबकि मौनी अमावस्या पर 3.5 से 5 करोड़ श्रद्धालु पहुंच सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए लगभग 800 हेक्टेयर क्षेत्र में माघ मेला को मिनी कुंभ की तर्ज पर आयोजित किया गया है।

 

राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय का निरीक्षण
समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 3:20 बजे झलवा स्थित राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया और विश्वविद्यालय परिसर का भ्रमण किया। शैक्षणिक और बुनियादी सुविधाओं की जानकारी लेने के बाद मुख्यमंत्री शाम करीब 5 बजे प्रयागराज एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए। शाम 5:10 बजे उनका लखनऊ (अमौसी) के लिए प्रस्थान हुआ।

 

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
सीएम योगी के दौरे के दौरान पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। माघ मेला क्षेत्र में पुलिस, पीएसी और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई थी। पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार ने खुद मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को मुख्यमंत्री की सुरक्षा, मूवमेंट प्लान और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए।

 

श्रद्धालुओं को न हो कोई परेशानी
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि सभी पुलिसकर्मी सतर्कता और शालीनता के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी न हो। साथ ही मेला क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों और आपराधिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश भी दिए गए।

पढ़ें ये खबरः Maruti Dzire ने रचा नया इतिहास, बनी भारत की सबसे ज्यादा बिकने वाली कार

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें