Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

CM Yogi आज गाजियाबाद में, CEL के डाटा सेंटर का करेंगे लोकार्पण, विकास कार्यों का लेंगे जायजा

June 26, 2025

CM Yogi आज गाजियाबाद में, CEL के डाटा सेंटर का करेंगे लोकार्पण, विकास कार्यों का लेंगे जायजा

CM Yogi : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को गाजियाबाद के दौरे पर रहेंगे। वह यहां साहिबाबाद के साइट-4 औद्योगिक क्षेत्र स्थित सेंट्रल इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (सीईएल) के स्थापना दिवस कार्यक्रम में भाग लेंगे और इस अवसर पर कंपनी द्वारा निर्मित अत्याधुनिक डाटा स्टोरेज सेंटर (डाटा सेंटर) का उद्घाटन करेंगे। जिले के प्रशासनिक अमले और पुलिस विभाग ने कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।

जिलाधिकारी दीपक मीना और कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने बुधवार देर रात तक कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान सुरक्षा, सफाई, यातायात प्रबंधन और अतिथि व्यवस्था जैसे बिंदुओं पर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए।

सीईएल प्रवक्ता कृष्णवीर के अनुसार डाटा सेंटर बैंक लॉकर की तरह काम करेगा और औद्योगिक क्षेत्र की अन्य कंपनियां भी इसका लाभ ले सकेंगी। यह सेंटर औद्योगिक डाटा के सुरक्षित भंडारण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

डाटा सेंटर के उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इंदिरापुरम स्थित कैलाश मानसरोवर भवन पहुंचेंगे, जहां दोपहर करीब डेढ़ बजे वह जिले के जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान जिले में चल रही विकास परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे। साथ ही कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जाने वाले तीर्थयात्रियों से मुलाकात कर उन्हें यात्रा किट वितरित कर जत्थे को रवाना करेंगे।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं। कड़कड़ मॉडल और झंडापुर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

डीसीपी ट्रांस हिंडन के मुताबिक, कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों में कुल 600 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। खाकी वर्दी के साथ ही सादे कपड़ों में भी सुरक्षाकर्मी नजर रखेंगे। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एलआईयू भी सक्रिय है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें