Last Updated: October 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

CM Yogi ने जनता दर्शन में सुनीं 200 लोगों की समस्याएं

September 18, 2023

CM Yogi ने जनता दर्शन में सुनीं 200 लोगों की समस्याएं

गोरखपुर : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे लोगों की समस्याओं पर पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता से ध्यान देकर उनका त्वरित निस्तारण कराएं। यह भी ध्यान दिया जाए किसी को भी परेशान न होना पड़े। जरूरतमंदों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए। जिन्हें इलाज में सरकार से आर्थिक सहायता की आवश्यकता है तो उनके इस्टीमेट की प्रक्रिया को शीघ्रता से पूर्ण कराया जाए। यदि कहीं कोई जमीन कब्जा या दबंगई कर रहा हो तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाए। हर व्यक्ति की समस्या का निस्तारण समयबद्ध और पारदर्शी रूप से उसकी संतुष्टि के अनुरूप किया जाना सुनिश्चित होना चाहिए।

सीएम योगी ने ये निर्देश सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों की समस्याओं को सुनने के दौरान दिए। मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में उन्होंने करीब 200 लोगों की समस्याओं को सुना और अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के लिए निर्देशित किया। इस दौरान कुछ महिलाओं के साथ आए उनके बच्चों को आशीर्वाद व दुलार देने के साथ उन्होंने चॉकलेट गिफ्ट कर खूब पढ़ने के लिए प्रेरित किया।

हर बार की भांति इस जनता दर्शन में भी इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार वाले आवेदन भी आए। मुख्यमंत्री ने आवेदन पत्र देने वाले लोगों को आश्वस्त किया कि सरकार इलाज में भरपूर मदद करने को तत्पर है। किसी के इलाज में धन की बाधा नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि इलाज में आर्थिक सहायता संबंधी आवेदनों में इस्टीमेट की प्रक्रिया को शीघ्रता से पूर्ण कराकर शासन को उपलब्ध कराएं। इस्टीमेट की प्रक्रिया पूर्ण होते ही धनराशि आवंटित कर दी जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें