Last Updated: October 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

CM Yogi की मौजूदगी में दिखेगा रोजगार और स्वरोजगार का संगम

October 20, 2023

CM Yogi की मौजूदगी में दिखेगा रोजगार और स्वरोजगार का संगम

गोरखपुर : “हर परिवार,एक रोजगार” मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा है। इस बाबत लगातार काम भी जारी है। इसी क्रम में 22 अक्टूबर (रविवार) को मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी) में वृहद रोजगार मेले का आयोजन होने जा रहा है। रोजगार मेले में जहां अनेक कंपनियां योग्यता के अनुसार युवाओं को चयनित कर नौकरी देंगी वहीं स्वरोजगार वाली सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं के तहत 500 करोड़ रुपये का ऋण वितरण किया जाएगा। रोजगार और स्वरोजगार के इस संगम को प्रवाहमान करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद मौजूद रहेंगे।

उल्लेखनीय है कि युवाओं को रोजगार की हर संभावना पर योगी सरकार की नजर रहती है। सरकारी नौकरी और स्वरोजगार की अनेक योजनाओं से नौजवानों को आत्मनिर्भर बनाने के क्रम में निजी क्षेत्र में रोजगार की असीम संभावनाओं को विस्तार देने में रोजगार मेले बड़ी भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। रविवार को एमएमएमयूटी में आयोजित होने वाले वृहद रोजगार मेले में 10 हजार युवाओं को विभिन्न कंपनियों में सेवायोजित करने का लक्ष्य रखा गया है। गोरखपुर एवं आसपास के अन्य जनपदों के बेरोजगार युवाओं के सेवायोजन के लिए यह वृहद रोजगार मेला एक सुनहरा अवसर होगा। मुख्य विकास अधिकारी संजय मीना का कहना है कि मेले में देश और प्रदेश की प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी जो तकनीकी, गैर तकनीकी, कॉमर्स आदि सभी क्षेत्रों में बेरोजगार युवाओं को रोजगार देंगी। हाईस्कूल से स्नातक तक तथा आईटीआई, कौशल विकास योजना के द्वारा प्रशिक्षित आदि सभी को रोजगार के अवसर वृहद रोजगार मेले में प्राप्त होंगे। जो अभ्यर्थी सेवायोजन कार्यालय में किसी वजह से रजिस्ट्रेशन नहीं कर पाएंगे उनके लिए मेला परिसर में रजिस्ट्रेशन काउंटर बनाए जायेंगे।

एमएमएमयूटी में आयोजित होने वाले वृहद रोजगार मेले के मंच से पीएम स्वनिधि योजना, विश्वकर्मा योजना, ओडीओपी योजना आदि के तहत स्वरोजगार के लिए करीब 500 करोड़ रुपये का ऋण वितरण भी किया जाएगा। 11 लाभार्थियों को ऋण का चेक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने हाथों से सौंपेंगे। इसके अलावा स्वरोजगार की योजनाओं और वित्तीय साक्षरता से जुड़े 15 स्टाल भी लगाए जाएंगे।

साल भर पहले भी यहां आयोजित हो चुका है सफल रोजगार मेला
योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद गोरखपुर में अब तक वृहद रोजगार मेलों के जरिये 43 हजार से अधिक युवाओं को विभिन्न कंपनियों में रोजगार दिलाया जा चुका है। इसमें सबसे बड़ा रोजगार मेला 3 अगस्त 2022 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया गया था। तब युवाओं के सेवायोजन की बड़ी लकीर खींची गई थी। गोरखपुर में ऐसा पहली बार हुआ था जब एक ही परिसर में युवाओं का चयन करने के लिए देश की तमाम नामचीन समूहों समेत 121 कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इन कम्पनियों की तरफ से 20 हजार से अधिक युवाओं का साक्षात्कार लिया गया था। सारी प्रक्रियाओं के बाद एक ही दिन में ऑन द स्पॉट करीब 5 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र भी मिल गया था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें