Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

Congress ने Akhilesh Yadav और Mayawati समेत कई विपक्षी नेताओं को भेजा भारत जोड़ो यात्रा का निमंत्रण

December 26, 2022

Congress ने Akhilesh Yadav और Mayawati समेत कई विपक्षी नेताओं को भेजा भारत जोड़ो यात्रा का निमंत्रण

लखनऊः कांग्रेस ने आगामी 3 जनवरी को उत्तर प्रदेश में दाखिल होने जा रही पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा में शिरकत के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की मुखिया मायावती समेत विभिन्न विपक्षी दलों के नेताओं को निमंत्रण भेजा है। कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के प्रवक्ता अशोक सिंह ने बताया कि पार्टी ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, सपा विधायक शिवपाल सिंह यादव, बसपा प्रमुख मायावती और राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के अध्यक्ष जयंत चौधरी को भारत जोड़ो यात्रा में शिरकत के लिए सोमवार को निमंत्रण भेजा है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के मुखिया ओमप्रकाश राजभर और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के सचिव अतुल अंजान को भी यात्रा का न्योता दिया गया है।

सिंह ने बताया कि प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा को भी निमंत्रण दिया गया है लेकिन उन्हें लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रोफेसर के रूप में आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा लखनऊ विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के प्रोफेसर रविकांत को भी यात्रा में शामिल होने का न्योता दिया गया है। गौरतलब है कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा आगामी तीन जनवरी को गाजियाबाद के लोनी के रास्ते उत्तर प्रदेश में दाखिल होगी। उसके बाद वह बागपत और शामली होते हुए हरियाणा के लिए कूच करेगी।

इस दौरान भारत जोड़ो यात्रा तीन दिनों तक उत्तर प्रदेश में ही रहेगी। यात्रा में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ-साथ पार्टी महासचिव तथा दल की उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाद्रा भी शामिल रहेंगी। यात्रा के प्रदेश समन्वयक पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने पिछले दिनों संवाददाता सममेलन में बताया था कि भारत जोड़ो यात्रा किसी पार्टी की नहीं बल्कि पूरे देश की है और इसमें विभिन्न विपक्षी दलों को भी आमंत्रित किया जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें