Last Updated: October 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

आमजन को मोटे अनाज से जोड़ने के लिए होगी कुकिंग प्रतियोगिता

October 19, 2023

आमजन को मोटे अनाज से जोड़ने के लिए होगी कुकिंग प्रतियोगिता

लखनऊः मोटे अनाज को बढ़ावा देने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार 27 से 29 अक्टूबर तक इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में श्रीअन्न महोत्सव का आयोजन कर रही है। इसके गुणों से आम जन को अवगत कराने के लिए लखनऊ के नामचीन होटल व रेस्तरां भी मिलेट्स व्यंजनों की कुकिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। कृषि विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि श्रीअन्न महोत्सव के अंतर्गत मिलेट्स व्यंजनों की प्रतियोगिता होगी। इसमें लखनऊ के कई नामचीन होटल व रेस्तरां की तरफ से मिलेट्स व्यंजन आमजन के लिए होंगे। कृषि विभाग व एलडीए के संयुक्त तत्वावधान में यह कार्यक्रम प्रस्तावित है। चटोरी गली में होने वाली प्रतियोगिता के लिए होटल-रेस्तरां एसोसिएशन से संपर्क साधा जा रहा है। इसमें बाजरा, कुट्टू, रामदाना, ज्वार, कोदो, सावां, ज्वार आदि के अनेक लजीज व्यंजन होंगे। मिलेट्स व्यंजन परोसने वाले होटलों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा भी होगी।

दूसरे दिन प्रस्तावित कुकिंग प्रतियोगिता में सबसे स्वादिष्ट व्यंजन वाले होटल-रेस्तरां को पुरस्कृत भी किया जाएगा। निर्णायकों द्वारा चुने गए प्रथम-द्वितीय व तृतीय पुरस्कार पाने वाले विजेताओं को कृषि विभाग सम्मानित करेगा। कृषि विभाग इसकी तैयारी में जुट गया है। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य आमजन में मोटे अनाजों के प्रति जागरूकता लाना भी है। कृषि विभाग के अनुसार, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होने वाले महोत्सव में भी मिलेट्स के उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा। त्रिदिवसीय प्रदर्शनी में 40 स्टॉल लगेंगे, जिसमें एफपीओ, विभिन्न विभागों के साथ ही होटल एसोसिएशन के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। देश-प्रदेश के कृषि अनुसंधान संस्थानों के विशेषज्ञों के साथ ही प्रगतिशील किसानों की सहभागिता से इस आयोजन को काफी समृद्ध ढंग से मनाने की तैयारी चल रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें