Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

सरकारी सेवा में आकर भी बंद न करें प्रैक्टिस : CM Yogi

August 23, 2023

सरकारी सेवा में आकर भी बंद न करें प्रैक्टिस : CM Yogi

लखनऊः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि खिलाड़ी अपने परिश्रम और पुरुषार्थ से सकारात्मक ऊर्ज और आत्मनिर्भरता के माध्यम से समाज में कुछ कर गुजरने की तमन्ना रखता है। लेकिन, जैसे ही उसे सरकारी सेवा में आने का अवसर मिलता है वो खिलाड़ी अक्सर प्रैक्टिस बंद कर देते हैं। आप सबको उत्तर प्रदेश पुलिस टीम का हिस्सा बनकर बेहतरीन प्रदर्शन के लिए तैयार रहना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लोकभवन के सभागार में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के माध्यम से कुशल खिलाड़ी कोटे में चयनित 233 आरक्षियों को नियुक्ति पत्र वितरित किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि जीवन के हर क्षेत्र में शोध के कुछ अवसर आते हैं। नवाचार और शोध पर हमें निरंतर प्रयास करना चाहिए, ताकि हम अपने खिलाड़ियों को अपडेट कर सकें। खेलकूद की गतिविधियां खिलाड़ी के लिए उसकी रचनात्मकता का प्रतीक होती है। जिस ईमानदारी और पारदर्शी तरीके से आपका चयन हुआ है, आपसे भी राज्य सरकार को इसी ईमानदारी की उम्मीद है। अपनी प्रैक्टिस को निरंतर बनाए रखते हुए जब तक सामथ्र्य है उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए, राज्य सरकार के लिए खेलिए। जब आपको लगेगा कि अब इससे अलग होना है तो फिर उत्तर प्रदेश पुलिस बल में उस संबंधित खेल के कोच के रूप में युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए तत्पर रहने के लिए कार्य करना होगा।

सीएम योगी ने कहा कि इस नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के कुशल खिलाड़ियों के साथ देश के अलग-अलग राज्यों से भी कुशल खिलाड़ियों को उत्तर प्रदेश पुलिस बल का हिस्सा बनाया जा रहा है। सीएम योगी ने कहा कि पिछले 6 वर्ष में उत्तर प्रदेश पुलिस बल में भर्ती की प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से बढ़ाने का कार्य हुआ है। पहले हर भर्ती पर प्रश्न उठते थे, चयन प्रक्रिया पर प्रश्न खड़े होते थे। विगत 6 वर्ष के अंदर प्रदेश में 1.54 लाख से अधिक पुलिस कार्मकिों की भर्ती प्रक्रिया संपन्न हो चुकी है।

इसके अलावा 2492 मृतक आश्रितों के पदों की भर्ती प्रक्रिया पूर्ण पर उनका भी समायोजन किया गया है। प्रदेश के अंदर एक लाख 29 हजार से अधिक पुलिस कार्मिकाें को समयबद्ध तरीके से प्रोन्नति देने का भी कार्य हुआ है। वर्तमान में उत्तर प्रदेश पुलिस बल में 62, 400 से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रचलित है। पुलिस बल में खिलाड़ियों की जो कमी थी, उसे भी दूर किया जा रहा है। इससे पहले 8 जुलाई को भी हमने 227 खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए थे। उसमें भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी थे। आज जो नियुक्ति पत्र दिए गए हैं, उसमें 154 पुरुष और 79 महिलाएं उत्तर प्रदेश पुलिस बल का हिस्सा बन रही हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें