Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

चुनाव और युद्ध को कभी आसान नहीं समझना चाहिए: योगी

April 5, 2024

चुनाव और युद्ध को कभी आसान नहीं समझना चाहिए: योगी

गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अति आत्मविश्वास से बचने की सलाह देते हुये कहा कि चुनाव और युद्ध को कभी आसान नहीं समझना चाहिये।

गोरखपुर, बांसगांव व संतकबीरनगर लोकसभा के लिए भाजपा की चुनाव संचालन समितियों के साथ बैठक में योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को चुनाव संचालन समिति के जिम्मेदारों से कहा कि इस समय पूरे देश में भाजपा के पक्ष में जबरदस्त माहौल है। लोकसभा चुनाव का परिणाम भी इसी के अनुरूप आएगा। जरूरत बूथ स्तर तक सक्रियता, तत्परता और सजगता की है। बूथ जितना मजबूत होगा, परिणाम भी उतना ही जबरदस्त आएगा। बूथ को जीतना ही चुनाव जीतने का सबसे कारगर फॉर्मूला है।

मुख्यमंत्री ने कहा “ लगातार तीसरी बार मोदी सरकार बनेगी, इसमें तनिक भी संदेह नहीं है। पर, चुनाव और युद्ध को कभी आसान नहीं समझना चाहिए। इसलिए हमें अति आत्मविश्वास से बचते हुए कार्य करना होगा। ”

उन्होने कहा कि सिर्फ आंकड़ों पर विश्वास करके निश्चिंत नहीं बैठना है बल्कि लोकसभा चुनाव में वोट और बूथ केंद्रित व्यवस्था पर अधिक ध्यान देना है। बूथ समिति, पन्ना प्रमुख और सामाजिक टोली भाजपा के लिए सबसे महत्वपूर्ण अंग हैं। बूथ समिति के पास संबंधित बूथ के एक एक वोटर का ब्योरा होना चाहिए। पन्ना प्रमुखों का उस ब्योरे के अनुरूप मतदाता से व्यक्तिगत संपर्क और संबंध होना चाहिए। हर मतदाता से अधिकाधिक और बारंबार संपर्क होना चाहिए। बूथ क्षेत्र में जितने घर हैं, उनसे संपर्क करें। केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों व विकास योजनाओं की जानकारी आमजन को दें। जिन विकास कार्यों को हम बोल रहे हैं, उसे जनता बोलने लगे तो हमारा कार्य आसान हो जाएगा। इसके समानांतर सामाजिक टोली समाज के हर वर्गों के लोगों तक जनसंपर्क करती रहे। निरंतर जनसंपर्क की जिम्मेदारी सभी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को भी उठानी है। शिक्षक, अधिवक्ता, अधिकारी, कर्मचारी, चिकित्सक, व्यापारी, सामाजिक, व्यापारिक और सांस्कृतिक संगठन सबसे मिलना है। उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों को बताकर फिर एक बार मोदी सरकार के नारे को साकार करना है। इसके लिए भाजपा पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि स्थानीय स्तर पर पूरी ताकत झोंक दें।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें