Last Updated: October 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

अशांति पैदा करने के लिए गलत सूचनाओं का इस्तेमाल करते हैं देश के दुश्मन: राजीव चंद्रशेखर

October 12, 2023

अशांति पैदा करने के लिए गलत सूचनाओं का इस्तेमाल करते हैं देश के दुश्मन: राजीव चंद्रशेखर

नोएडा : केंद्रीय इलेक्ट्राॅनिक्स एवं आईटी और कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्यमंत्री राजीव चंद्रशेखर ने गलत व भ्रामक सूचनाओं को खतरनाक बताया है। उन्होंने गुरुवार को कहा कि देश के दुश्मन इसका इस्तेमाल भारत में अशांति पैदा करने और समाज को बांटने के लिए करते हैं। केंद्रीय मंत्री यहां एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया मंचों से भ्रामक सूचनाओं को लेकर विशेष सावधानी बरतने की अपील की, जिससे इंटरनेट के माध्यम से भारत के डिजिटल नागरिकों को गुमराह नहीं किया जा सके।

आईटी राज्यमंत्री ने कहा, ‘‘प्लेटफार्मों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है जिससे यह सुनिश्चित हो कि ऑनलाइन स्रोतों से जानकारी ग्रहण करने वाले नागरिकों को जानबूझकर गलत सूचना का प्रचार करने वाले लोगों द्वारा गुमराह न किया जाए और भारत व भारतीयों के खिलाफ उनको उकसाया न जाए।’’ उन्होंने कहा कि भारत सरकार देश के डिजिटल नागरिकों के लिए इंटरनेट को ‘सुरक्षित व भरोसेमंद’ बनाने को लेकर प्रतिबद्ध है।

ऑनलाइन बाल यौन शोषण से निपटने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए आईटी राज्यमंत्री ने कहा, ‘‘बाल यौन शोषण सामग्री (सीएसएएम) इंटरनेट का एक अस्वीकार्य पहलू है। हम इस पर नकेल कसने के लिए कदम उठा रहे हैं। हमने हाल ही में यूट्यूब, टेलीग्राम और एक्स (ट्विटर) जैसे प्रमुख प्लेटफार्मों को नोटिस जारी किया है। उनसे आग्रह किया है कि वे सक्रियता से अपने प्लेटफार्मों से ऐसी सामग्री हटाएं जो बच्चों को शोषण के प्रति संवेदनशील बनाता है। जबकि अच्छे कार्यों के लिए इंटरनेट एक शक्तिशाली संबल है। वहीं, बुरे लोग इसका दुरुपयोग भी कर सकते हैं।’’

केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर यहां एमिटी यूनिवर्सिटी में आयोजित छठे वार्षिक प्रौद्योगिकी सम्मेलन – इन्फिनिटी 2023 में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे। इस मौके पर उन्होंने एमिटी बिजनेस स्कूल के छात्रों के साथ फायरसाइड चैट में हिस्सा लिया। उन्होंने इस मौके पर मोदी सरकार के कार्यकाल के दौरान देश के प्रौद्योगिकी परिदृश्य में आए बदलाव पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से कहा, ‘‘देश की आजादी के बाद के इतिहास में आप सबसे सौभाग्यशाली पीढ़ी के युवा हैं जिनके सामने अनेक संभावनाएं हैं। आज राष्ट्र का नेतृत्व ऐसे युवाओं द्वारा किया जा रहा है जिनके पास भविष्य को आकार देने की अद्वितीय और अभूतपूर्व क्षमता, आत्मविश्वास और दक्षता है।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें