Last Updated: October 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

एक साथ जली पांच चिताएं…पूरे गांव में पसरा मातम, हर आंख हुई नम

November 11, 2024

एक साथ जली पांच चिताएं…पूरे गांव में पसरा मातम, हर आंख हुई नम
Noida Five Pyres Lit Together : जिले के थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में कल रविवार को हुए एक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले, एक ही परिवार के पांच लोगों का सोमवार को तड़के परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी में जब एक साथ पांच चिताएं जलीं और रोते-बिलखते परिजन ने अपनों को अंतिम विदायी दी तो हर आंख नम हो गई।
बता दें, नोएडा एक्सप्रेस-वे पर रविवार को सुबह हुए एक सड़क हादसे में एक ही परिवार के इन पांच लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों के एक परिजन धर्मेंद्र ने बताया कि शनिवार रात दो वर्षीय बच्चे की तबीयत खराब होने पर उसके इलाज के लिए ये लोग नोएडा-ग्रेटर नोएडा के अलग-अलग प्राइवेट अस्पतालों में गए, लेकिन सभी जगह डॉक्टरों ने बच्चे की हालत खराब बताते हुए दूसरे अस्पताल में जाने को कहा। धर्मेंद्र के अनुसार, एक अस्पताल में परिजन ने बच्चे के इलाज के लिए जोर देते हुए कहा कि वह दिल्ली के अस्पतालों में पता कर बच्चे को वहां ले जाएंगे, तब तक उसका इलाज किया जाए। उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवार बच्चे के उपचार को लेकर अस्पताल तथा इलाज के बारे में पता करने के लिए दिल्ली जा रहा था, तभी यह घटना हुई।
धर्मेंद्र ने बताया कि यह लोग दादरी की काशीराम कॉलोनी में रहते थे और सभी लोग मजदूरी कर अपनी गुजर-बसर करते थे। उन्होंने बताया कि बच्चे का नाम देवेश है और वह बाल चिकित्सा एवं स्नातकोत्तर शैक्षणिक संस्थान (चाइल्ड पीजीआई), सेक्टर 30 नोएडा में भर्ती था। परिजन उसे अपने साथ घर ले गए हैं। पुलिस के एक प्रवक्ता के अनुसार, सुबह करीब छह बजे एक कार में सवार ये लोग नोएडा से एक्सप्रेसवे के रास्ते ग्रेटर नोएडा की तरफ जा रहे थे, लेकिन नोएडा के सेक्टर-146 मेट्रो स्टेशन के पास कार सड़क के किनारे खड़े एक खराब वाहन से जा टकराई।
कार में अमन (27), उसके पिता देवी सिंह (60), मां राजकुमारी (50), विमलेश (40) और कमलेश (40) सवार थे। इस घटना में कार चला रहे अमन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों के शवों का सेक्टर 94 स्थित शवगृह में पोस्ट मार्टम किया गया, जहां पहुंच कर गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉक्टर महेश शर्मा ने परिजनों को सांत्वना दी। दादरी के विधायक तेजपाल नागर ने काशीराम कॉलोनी स्थित पीड़ितों के आवास पर पहुंच कर परिजनों को ढांढस बंधाया।
धर्मेंद्र ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम होने के बाद कल शाम पुलिस ने शव उन्हें सौंप दिए। उनके अनुसार, आज तड़के शवों का अंतिम संस्कार किया गया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का संज्ञान लेते हुए आला अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिजन की यथासंभव मदद करने का आदेश दिया था। इसके बाद जनपद के आला अधिकारियों ने परिजनों से मिल कर उन्हें सांत्वना दी और हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया। हादसे के बाद इलाके में अजीब सी खामोशी है। मृतक के परिजनों के यहां पड़ोसी और रिश्तेदारों का आना-जाना लगा हुआ है। इस मामले में मृतकों के परिजन जीवनलाल की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें