Site icon Dainik Savera Times

हिंसक प्रदर्शन के बाद CM योगी का बड़ा फैसला, श्रमिकों को मिलेगा दोगुना ओवरटाइम, समय से सैलरी और वीकली ऑफ

violent protests, Noida CM Yogi

नेशनल डेस्कः उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने नोएडा में चल रहे श्रमिकों के आंदोलन को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों के साथ बैठक कर यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि मजदूरों को उनके अधिकार समय पर और सही तरीके से मिलें।

ओवरटाइम का मिलेगा दोगुना पैसा
अब यदि कोई श्रमिक तय समय से ज्यादा काम करता है, तो उसे सामान्य वेतन से दोगुना भुगतान दिया जाएगा। इसमें किसी भी तरह की कटौती नहीं की जा सकती। इसका मतलब है कि मजदूरों को उनके अतिरिक्त काम का पूरा और उचित पैसा मिलेगा।

 

समय पर सैलरी और बोनस मिलेगा
सरकार ने यह भी तय किया है कि सभी कंपनियां हर महीने की 10 तारीख तक मजदूरों का पूरा वेतन उनके बैंक खाते में जमा करें। इसके साथ ही कर्मचारियों को सैलरी स्लिप देना भी जरूरी होगा, ताकि उन्हें पता रहे कि कितना पैसा और किस तरह दिया गया है। बोनस का भुगतान भी सीधे बैंक खाते में 30 नवंबर तक करना अनिवार्य किया गया है।

हर हफ्ते मिलेगा छुट्टी का दिन
सभी उद्योगों को यह सुनिश्चित करना होगा कि मजदूरों को हर सप्ताह एक दिन की छुट्टी मिले। अगर किसी कर्मचारी से रविवार को काम कराया जाता है, तो उसे उस दिन के लिए दोगुनी मजदूरी देनी होगी।

श्रमिकों की समस्याओं का तुरंत समाधान करें
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि औद्योगिक क्षेत्र के अधिकारी और कंपनियों के प्रतिनिधि आपस में सीधे बातचीत करें और मजदूरों की समस्याओं को जल्द से जल्द हल करें। इसके लिए 24 घंटे के अंदर संवाद शुरू करने को कहा गया है।

महिलाओं की सुरक्षा पर खास ध्यान
कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी गई है। सभी फैक्टरियों में महिलाओं की अध्यक्षता में एक शिकायत समिति बनानी होगी, जहां वे अपनी समस्या बता सकें। इसके अलावा, शिकायत पेटियां भी लगाई जाएंगी ताकि कर्मचारी बिना डर के अपनी बात रख सकें।

नोएडा बन रहा है श्रम सुधारों का मॉडल
गौतम बुद्ध नगर प्रशासन ने इन नियमों को सख्ती से लागू करने की तैयारी कर ली है। अधिकारियों का कहना है कि इन कदमों से यह जिला पूरे प्रदेश में श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा का एक अच्छा उदाहरण बन सकता है।

Exit mobile version