बारात में मजदूरों की मौत के बाद दूल्हा हुआ बेहोश! जानिए क्या है पूरा मामला…
March 2, 2025
Groom Fainted in Wedding Procession : आजमगढ़ जिले के बरदह क्षेत्र में ‘
हाई टेंशन’ तार की चपेट में आने से बारात में बग्घी के साथ चल रहे दो
मजदूरों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और दूल्हा बेहोश हो गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। शनिवार रात को हुई इस घटना से बारात में भगदड़ मच गई।
पुलिस ने बताया कि मेहनगर थाना क्षेत्र के कुसमीलिया गांव से बारात बरदह थाना क्षेत्र के भैसकुर गांव आनी थी। उसने बताया कि रास्ते में बारातियों के नाश्ता करने के बाद दूल्हा बग्घी पर बैठा जिसके बाद बारात भैसकुर गांव के लिए आगे बढ़ी। उसने बताया कि इस दौरान कुछ मजदूर सिर पर सजावटी ‘लाइट’ वाला गमला लेकर चल रहे थे लेकिन गमला 11,000 वोल्ट के तार से छू गया और गमले सहित बग्घी करंट की चपेट में आ गई।
पुलिस ने बताया कि करंट लगने से मेहनगर के जवाहर नगर वार्ड निवासियों गोलू (17) और मंगरु (25) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और दूल्हा बेहोश हो गया। इस घटना से बारात में भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।