Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

आईवीआरआई बरेली ने मनाया विश्व रेबीज दिवस, मुफ्त में किया गया टीकाकरण

September 28, 2023

आईवीआरआई बरेली ने मनाया विश्व रेबीज दिवस, मुफ्त में किया गया टीकाकरण

बरेलीः विश्व रेबीज दिवस पर आज आईवीआरआई रेफरल पॉलीक्लीनिक इज्जत नगर बरेली में रोटरी क्लब सहयोग से श्वानों व बिल्लियों का निशुल्क रेबीज टीकाकरण कार्यक्रम किया गया। इस अवसर पर 50 से अधिक श्वानों को निशुल्क रेबीज टीके लगाए गए। इस अवसर पर नगर निगम द्वारा लाये गए आवारा श्वानों का टीकाकरण किया गया। संस्थान पशु जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा रेबीज के बारे में लोगों को जागरुक करने हेतु पम्पलेट भी वितरित किए गए। संस्थान संयुक्त निदेशक शैक्षणिक डॉ. एसके मेंदीरता ने कार्यक्रम उद्घाटन किया।

उन्होंने कहा कि रेबीज के बारे में लोगों को जागरुक करने और इस जानलेवा बीमारी से लोगों को बचाने के उद्देश्य से हर साल विश्वभर में 28 सितंबर को रेबीज डे मनाया जाता है। रेबीज विषाणु जनित लाइलाज जानलेवा बीमारी है। यह स्तनधारी प्राणियों के काटने से होती है। इसलिए पालतू पशुओं का प्रतिवर्ष टीकाकरण अवश्य कराएं। उन्होंने रोटरी क्लब इज्जतनगर की सराहना करते हुए कहा कि यह सन 2013 से लगातार पशुओं के लिए टीकाकरण व अन्य कार्यक्रम करता आया है।

रेफरल पॉली क्लीनिक प्रभारी डॉ. अमर पाल ने इस साल प्रस्तावित थीम ‘आल फॉर वन हैल्थ फॉर ऑल’के बारे में बताते हुए कहा कि यह थीम मनुष्यों और जानवरों के बीच के संबंध को हाइलाइट करेगी। उन्होंने रेबीज दिवस का जिक्र करते हुए कहा कि इस दिन फ्रेंच केमिस्ट और माइक्रोबायोलॉजिस्ट लुई पाश्चर की डेथ एनिवर्सरी होती है, जिन्होंने सन 1885 में पहली बार रेबीज वैक्सीन को विकसित किया था। आज यह वैक्सीन जानवरों और मनुष्यों के बीच महत्वपूर्ण रोल अदा कर रही है। इसके इस्तेमाल से मनुष्यों में रेबीज से होने वाले खतरे को कम किया जा सकता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें