
जाैनपुर। उत्तर प्रदेश रेलवे के जंघई जंक्शन रेलवे स्टेशन पर सोमवार को काशी एक्सप्रेस ट्रेन में बम की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और पुलिस की टीमें जांच अभियान शुरू कर दीं। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार गोरखपुर से कुर्ला जाने वाली 15018 काशी एक्सप्रेस ट्रेन मे बम की सूचना पर हड़कंप मच गया। जंघई जंक्शन रेलवे स्टेशन पर ट्रेन खड़ी कर चैकिंग की गई। एक घंटे तक मीरगंज थाना की पुलिस आरपीएफ, जीआरपी ने चेकिंग अभियान चलाया, पर कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, उधर, बम निरोधक दस्ता को प्रयागराज व जाैनपुर से बुलाया गया है।
रेलवे सूत्रों ने बताया कि किसी असामाजिक तत्व ने रेलवे कंट्रोल को फोन कर सूचना दिया की स्लीपर बोगी एस-1 से एस-4 में से किसी बोगी में बैग में बम रखा गया है। कंट्रोल ने तत्काल इसकी सूचना जीआरपी प्रयागराज को दी, जिसके बाद जीआरपी जंघई, जंघई स्टेशन प्रसाशन को बम की सूचना दी गई।
जैसे ही ट्रेन जंघई जंक्शन रेलवे स्टेशन पर तीन बजकर दो मिनट पर पहुंची, आरपीएफ इंस्पेक्टर आलोक तिवारी, एसआई नागेन्द्र, जीआरपी प्रभारी अरुण कुमार मिश्र तथा थानाध्यक्ष मीरगंज विनोद अंचल मौके पर पहुंच गए। ट्रेन की सभी बोगियों को कई बार चेकिंग की लेकिन कुछ नहीं मिला। ट्रेन लगभग दो घंटे से जंघई जंक्शन रेलवे स्टेशन पर खड़ रही। बम निरोधक दस्ता को प्रयागराज से बुलाया गया है, जिसके आने के बाद ट्रेन की फिर से चेकिंग की गई। स्टेशन अधीक्षक जंघई कोमल सिंह का कहना है की बम की सूचना पर काशी एक्सप्रेस ट्रेन को जंघई रेलवे स्टेशन पर चेकिंग कराई गई, फिलहाल कुछ नहीं मिला है।