Last Updated: October 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

केशव प्रसाद मौर्य ने विंग कमांडर व्योमिका पर जातिवादी टिप्पणी को लेकर रामगोपाल यादव पर हमला बोला 

May 16, 2025

केशव प्रसाद मौर्य ने विंग कमांडर व्योमिका पर जातिवादी टिप्पणी को लेकर रामगोपाल यादव पर हमला बोला 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को विंग कमांडर व्योमिका सिंह पर जातिवादी टिप्पणी को लेकर समाजवादी पार्टी के नेता रामगोपाल यादव पर कटाक्ष किया। शुक्रवार को हिंदी में ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, दलितों पर लगातार अत्याचार करके प्रोफेसर बने श्री रामगोपाल यादव इस उम्र में भी दलितों को नीची नजर से देखने से बाज नहीं आ रहे हैं।  विंग कमांडर सिंह, विदेश सचिव विक्रम मिसरी और कर्नल सोफिया कुरैशी के साथ ऑपरेशन सिंदूर पर प्रेस ब्रीफिंग में नियमित रूप से शामिल होती थीं।

मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह द्वारा कर्नल सोफिया कुरैशी पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी का जिक्र करते हुए यादव ने बृहस्पतिवार को मुरादाबाद में कहा था, इनके (भाजपा के) एक मंत्री ने कर्नल कुरैशी को अपशब्द कहे। उच्च न्यायालय ने उनके खिलाफ फिर से मामला दर्ज करने का आदेश दिया है। लेकिन उन्हें नहीं पता कि व्योमिका सिंह कौन हैं और न ही उन्हें एयर मार्शल एके भारती के बारे में पता था, वरना ये लोग उन्हें भी अपशब्द कहते।

यादव ने कहा, मैं आपको बता दूं कि व्योमिका सिंह हरियाणा की जाटव हैं और एयर मार्शल भारती पूर्णिया के यादव हैं। तो तीनों ही पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) से हैं। एक को इसलिए अपशब्द कहे गए क्योंकि वह मुस्लिम थीं। दूसरी को यह समझ कर छोड़ दिया कि वह राजपूत हैं और भारती के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं थी। जब अखबार में खबर छपी तो वे सोचने पर मजबूर हो गए कि अब क्या करें।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें