Last Updated: October 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

माफिया गले में तख्ती लटका कर जान की भीख मांगता दिखाई दे रहा, यह है नया उत्तर प्रदेश : CM Yogi

May 6, 2023

माफिया गले में तख्ती लटका कर जान की भीख मांगता दिखाई दे रहा, यह है नया उत्तर प्रदेश : CM Yogi

मेरठः नगर निकाय चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री शुक्रवार को मेरठ मंडल के दौरे पर रहे। उन्होंने मेरठ जिमखाना मैदान में भाजपा के नगर निकाय प्रत्याशियों के समर्थन में एक चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने देश के विकास के लिए भाजपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि 11 मई को आपको नगर निकाय चुनाव में भागीदार बनना है। आपका एक वोट नई क्रांति को जन्म देने का है। यह क्रांति सुशासन, विकास और राष्ट्रवाद की होगी। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि हमारी पहचान अब उपद्रव की नहीं, उत्सवों की है। यह प्रदेश माफिया नहीं, महोत्सव का प्रदेश बन चुका है। ये हमें तय करना है कि हमारे शहरों में शोहदों का आतंक हो या हम इसे सेफ सिटी बनाएंगे। हम अपने युवाओं के हाथों में तमंचा देखना चाहते हैं या टैबलेट और स्मार्टफोन।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नो कर्फ्यू नो दंगा, यूपी में सब चंगा। रंगदारी ना फिरौती, अब यूपी नहीं है किसी की बपौती। माफिया-अपराधी हो गये अतीत, यूपी बना है सुरक्षा,-खुशहाली और रोजगार का प्रतीक। यूपी अब कर्फ्यू के लिए नहीं, कांवड़ यात्र के लिए पहचाना जा रहा है। उन्होंने ने कहा कि 2017 से पहले व्यापारियों से रंगदारी वसूली जाती थी। माफिया सीना तान कर चलता था। लेकिन आज भाजपा सरकार ने व्यापारियों को मुख्यमंत्री कल्याण बोर्ड से 10 लाख का सुरक्षा कवच दिया है। अब माफिया गले में तख्ती लटका कर जान की भीख मांगता दिखाई देता है। यह नया यूपी है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश की पहली रैपिड रेल दिल्ली से गाजियाबाद हापुड़ होते हुए मेरठ को जोड़ेगी। वहीं गंगा एक्सप्रेसवे मेरठ को हापुड़ से होते हुए प्रयागराज से जुड़ेगी, जिससे जहां पहले प्रयागराज पहुंचने में 12 से 16 घंटे लगते हैं इससे आप मात्र 6 घंटे में अपनी यात्रा पूरी कर सकेंगे। यह नए उत्तर प्रदेश की पहचान बन रही है। इतना ही नहीं 12 लेने एक्सप्रेस वे हाईवे दिल्ली से मेरठ की दूरी को उसने सीमित कर दिया है, अब मात्र 45 मिनट की दूरी तय की जा सकती है। मेरठ में सपा-बसपा, लोकदल व कांग्रेस ने सोतीगंज की कालिख दी थी। जब आपकी अपनी सरकार आई तो सोतीगंज का कलंक समाप्त हुआ। आज मेरठ में शांति और सौहार्द है।

सीएम ने कहा कि 2017 में भी मेरठ नगर निगम का भाजपा बोर्ड बना होता तो मेरठ भी नई आभा के साथ बढ़ रहा होता। हमने पैसे की कमी आड़े नहीं आने दी, लेकिन पैसे का सही उपयोग अत्यंत आवश्यक है। आज मेरठ व यूपी नई विकास के दौर से गुजर रहा है। यूपी की पहचान सुशासन, विकास की सकारात्मक सोच व राष्ट्रवाद के आधार पर बन रही है। उन्होंने कहा कि विकास के पथ पर नित नए प्रतिमान स्थापित करने के लिए यूपी ने छलांग लगाई है। 2014 के पहले दुनिया की धारणा अलग थी। अब धारणा बदली है। सीएम ने कहा कि एक तरफ यहां का परंपरागत उद्यम खेल उत्पाद ओडीओपी के जरिए दुनिया में छा रहा है। लोगों को काम और मेरठ को पहचान मिल रही है। मेरठ में प्रदेश का पहला खेल विश्वविद्यालय स्थापित होने जा रहा है।

सीएम ने कहा कि आज शहरी क्षेत्र बेहतरीन सर्विलांस सिस्टम के तौर पर विकसित हो रहे हैं। हम इसे सेफ सिटी के साथ जोड़ रहे हैं, जहां व्यापारी भी सुरक्षित, बेटियां भी सुरक्षित और शहर भी सुरक्षित होगा। यूपी के लिए हमने एक ही लक्ष्य रखा है, जो पीएम का विजन है, वही यूपी का मिशन है। डबल इंजन की सरकार ने बुलेट ट्रेन की तरह परिणाम दिया है। अब आप ट्रिपल इंजन की ताकत को इसमें जोड़ने का काम करें। नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत में महापौर, चेयरमैन और पार्षद की ताकत को जोड़ने का कार्य करना है। जो पैसा दिल्ली और लखनऊ से आएगा, उसका सही उपयोग हो सकेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें