Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

मनीष हत्याकांड: CRPF में तैनात प्रेमिका के भाई ने अगवा करके मारी गोली; टुकड़े करके रेलवे ट्रैक पर फेंका शव

February 23, 2026

मनीष हत्याकांड: CRPF में तैनात प्रेमिका के भाई ने अगवा करके मारी गोली; टुकड़े करके रेलवे ट्रैक पर फेंका शव

Crime News: इटावा जिले में 19 फरवरी को रेलवे ट्रैक के पास बोरी में बंद एक क्षत-विक्षत शव मिलने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि यह हत्या प्रेम संबंध के कारण सुनियोजित तरीके से की गई थी। पुलिस जांच में मृतक की पहचान मनीष यादव के रूप में हुई। वह 18 फरवरी से लापता था। मनीष प्रतियोगी परीक्षा UPSC की तैयारी कर रहा था और रोज की तरह 18 फरवरी की सुबह कोचिंग के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।

 

प्रेम संबंध बना हत्या की वजह
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मनीष का प्रेम संबंध रामपुर में तैनात एक महिला ट्रेनी सिपाही से था। इस रिश्ते से युवती का परिवार नाराज था। खासकर युवती का भाई अभिषेक यादव, जो CRPF में जवान है, इस संबंध को अपनी प्रतिष्ठा का मुद्दा मान बैठा।

कोचिंग जाते समय किया गया अपहरण
आरोप है कि 18 फरवरी की सुबह जब मनीष कोचिंग जा रहा था, तभी अभिषेक यादव ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसे कार में जबरन बैठा लिया। इसके बाद उसे एक सुनसान जगह ले जाकर गोली मार दी गई।

 

पहचान छिपाने के लिए शव के किए टुकड़े
हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की कोशिश की। उन्होंने मनीष के शव के टुकड़े कर दिए और उन्हें रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया, ताकि मामला ट्रेन हादसा लगे और पहचान छिपाई जा सके।

 

एक गिरफ्तार, दो फरार
पुलिस ने मामले में इस्तेमाल की गई कार के मालिक दीपक को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी अभिषेक यादव और उसका एक साथी विपिन अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

 

पुलिस का आया बयान
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह हत्या पूरी योजना के साथ की गई थी। सभी सबूतों को जोड़ते हुए मामले की गुत्थी सुलझा ली गई है। फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें