Last Updated: October 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

सीएम के आशीर्वाद से खास बन जाएगा 1500 बेटियों का विवाह समारोह

December 8, 2023

सीएम के आशीर्वाद से खास बन जाएगा 1500 बेटियों का विवाह समारोह

शनिवार को गोरखपुर में होगा सामूहिक विवाह का आयोजन

गोरखपुर। शनिवार को 1500 ऐसी गरीब बेटियों की शादी बेहद खास बनने जा रही है जिनके परिवार के लिए शादी के संसाधन जुटाना पहाड़ तोड़ने जैसा दुरूह था। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की इन बेटियों की शादी सरकार करा रही है और इसके लिए शनिवार को गोरखपुर में होने वाले भव्य समारोह में आशीर्वाद देने के लिए सरकार के मुखिया योगी आदित्यनाथ खुद मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शनिवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे से महंत दिग्विजयनाथ पार्क में आयोजित भव्य समारोह में करीब 1500 गरीब बेटियों का विवाह संपन्न होगा। इस आयोजन में वैवाहिक जीवन में प्रवेश करने वाले जोड़ों को आशीर्वाद देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं उपस्थित रहेंगे। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रति विवाह पर सरकार की तरफ से 51 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।

इसमें से 35 हजार रुपये विवाह बंधन में बंधने जा रही कन्या के बैंक खाते में अंतरित कर दिए जाते हैं। 10 हजार रुपये उपहार व शेष राशि अन्य व्यवस्थागत खर्चों के मद में है। सामूहिक विवाह के इस समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ जिले के जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी नवयुगलों को आशीर्वाद देने के लिहाज से बेहद खास होगी। उल्लेखनीय है कि वित्तीय वर्ष 2017-18 से योगी सरकार मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सिर्फ गोरखपुर जिले में ही करीब छह हजार शादियां सम्पन्न करा चुकी है।

सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत सरकार वर-वधू को उपहार भी देती है। इसमें वधू के लिए विवाह हेतु कढ़ाई की एक साड़ी, एक चुनरी, एक डेली यूज की साड़ी, वर हेतु कुर्ता पायजामा, पगड़ी तथा माला, मुस्लिम विवाह के लिए वधू को कढ़ाई वाला सूट, चुनरी, सूट का कपड़ा, वर हेतु कुर्ता पायजामा आदि देती है। आभूषण में चांदी की पायल, बिछुआ भी प्रदान किया जाता है। गृहस्थी के समान में कुकर, जग या लोटा, थाली, गिलास, कटोरा व चम्मच, बक्सा तथा प्रसाधन सामग्री से भरी श्रृंगारदानी दी जाती है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें