Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए पुलिस का आधुनिकीकरण जरूरी : CM योगी

May 20, 2025

देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए पुलिस का आधुनिकीकरण जरूरी : CM योगी
कासगंज/लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए पुलिस का आधुनिकीकरण जरूरी है। आदित्यनाथ ने कासगंज में 724 करोड़ रुपये की 60 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने 25.63 हेक्टेयर में फैली नवनिर्मित अत्याधुनिक पुलिस लाइंस का उद्घाटन भी किया। इसे बनाने में 191 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।
लखनऊ में जारी एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, अपने संबोधन में योगी ने कहा कि डबल इंजन सरकार कासगंज के आध्यात्मिक विकास के साथ ही यहां की बुनियादी सुविधाओं को आधुनिक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि 2008 में अस्तित्व में आया कासगंज जिला विकास के लिए तरस रहा था और अराजकता तथा भ्रष्टाचार ही उसकी पहचान थे लेकिन आज कासगंज विकास के पथ पर तेजी से दौड़ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कासगंज में नवनिर्मित पुलिस लाइंस उत्तर प्रदेश पुलिस के आधुनिकीकरण की दिशा में मील का एक पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि 191 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस पुलिस लाइंस में 1,000 पुलिस कर्मियों के लिए बैरक, अधिकारियों के लिए आवासीय सुविधाएं, ऑडिटोरियम और अन्य आधुनिक सुविधाएं हैं। ‘‘यह पुलिस लाइंस देश के लिए एक मॉडल है।’’  योगी ने उत्तर प्रदेश पुलिस आवास निगम की तारीफ करते हुए कहा कि यह पुलिस को सशक्त बनाने और आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
मुख्यमंत्री ने कहा ‘‘आज उप्र पुलिस माफियाओं के लिए काल बन चुकी है। कोई माफिया समानांतर सरकार नहीं चला सकता, न ही गरीब की संपत्ति पर कब्जा कर सकता है।’’ योगी ने कहा कि देश और राज्य की आंतरिक सुरक्षा के लिए पुलिस का आधुनिकीकरण करना जरूरी है। उन्होंने 2017 से पहले की समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उन दिनों में उत्तर प्रदेश में अराजकता का माहौल था। मुख्यमंत्री ने कासगंज के आध्यात्मिक और पौराणिक महत्व की चर्चा करते हुए कहा ‘‘ यह भगवान विष्णु के वाराह अवतार और महर्षि कपिल की तपोभूमि है। सोरों का महत्व संभल के समान है। संभल भगवान विष्णु के दसवें अवतार की भूमि है, तो सोरों तीसरे अवतार की। डबल इंजन सरकार ने इस आध्यात्मिक महत्व को समझा और विकास की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया।’’ योगी ने कहा कि अयोध्या, मथुरा और वृंदावन की तरह ही सोरों का भी विकास होगा। उन्होंने नरदई पुल के सौंदर्यीकरण, कासगंज में संग्रहालय निर्माण, सुहावन और अमापुर में बाइपास निर्माण और दरियावगंज में झील के सौंदर्यीकरण जैसे प्रस्तावों को मंजूरी देने की घोषणा की।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें