उत्तर प्रदेश दर्दनाक हादसा : बंद कमरे में अंगीठी जलाकर सो गई मां, दम घुटने से एक महिला और दो बच्चों की हुई मौत
January 21, 2025
Uttar Pradesh tragic accident : उन्नाव जिले के बांगरमऊ क्षेत्र में एक महिला और उसके दो बच्चों की कथित तौर पर दम घुटने से मौत हो गयी। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि ठंड से बचने के लिए बंद कमरे में अंगीठी जलाकर सोने के कारण यह हादसा हुआ।
बंद कमरे में अंगीठी जलाकर सो गई मां…फिर हुआ दर्दनाक हादसा
बांगरमऊ के पुलिस क्षेत्रधिकारी (सीओ) अरंविद कुमार ने बताया कि बांगरमऊ के न्यू कटरा मोहल्ला निवासी और फौज में सूबेदार आलोक सिंह वर्तमान में लद्दाख में तैनात हैं और यहां घर पर उनकी पत्नी रचना (35) अपने सात वर्षीय बेटे वैभव और चार वर्षीय बेटी वैष्णवी के साथ रह रही थी। उन्होंने बताया सोमवार सुबह 10 बजे के लगभग जब इनके घर दूध वाला आया और उसके बार बार आवाज देने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो उसने इनके परिजनो को सूचना देकर पूरी बात बताई। परिजन एफ चौरासी थाना क्षेत्र के मुन्नीखेड़ा गांव में रहते हैं।
दम घुटने से एक महिला और दो बच्चों की हुई मौत
सीओ ने बताया कि मुन्नीखेड़ा गांव से पति के परिजनों के पहुंचने पर दरवाजा तोड़ा गया। बिस्तर पर रचना और वैष्णवी के शव पड़े थे और पलंग के नीचे वैभव का शव पड़ा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने विधिक कार्यवाही शुरू की। आलोक सिंह के भाई पंकज सिंह ने बताया कि उनके भाई ने सोमवार को कई बार भाभी को फोन किया, लेकिन जब किसी ने भी फोन नहीं उठाया तो उन्होंने यह मानकर दुबारा फोन नहीं किया कि सभी सो रहे होंगे । सीओ कुमार ने बताया कि कमरे में अंगीठी जल रही थी और पूरे कमरे में धुआं भरा हुआ था जिससे प्रथम दृष्टया लग रहा है कि दम घुटने से तीनों की जान गई। उन्होंने कहा कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।