Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

BJP का मजबूती से मुकाबला कर रहे क्षेत्रीय दलों का सहयोग करें राष्ट्रीय दल : Akhilesh Yadav

March 26, 2023

BJP का मजबूती से मुकाबला कर रहे क्षेत्रीय दलों का सहयोग करें राष्ट्रीय दल : Akhilesh Yadav

लखनऊः आगामी लोकसभा चुनाव में विपक्ष को एकजुट करने की मुहिम में शामिल समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को कहा कि राष्ट्रीय दलों को प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का मजबूती से मुकाबला कर रहे क्षेत्रीय दलों का सहयोग करना चाहिए। यादव ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर अपने झूठे आंकड़ों को सही साबित करने के लिए एक विदेशी कंपनी को 200 करोड़ रुपए देने का आरोप भी लगाया। अखिलेश ने यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संसद सदस्यता समाप्त किए जाने के खिलाफ उनकी पार्टी द्वारा पूरे देश में सत्याग्रह किए जाने के बारे में पूछे गए एक सवाल पर कहा, कि ‘मैं बधाई देना चाहता हूं कि वह सत्याग्रह और रफ्तार से मनाएं।’’

उन्होंने एक अन्य सवाल पर राष्ट्रीय दलों को संदेश देते हुए कहा, कि ‘सवाल राहुल गांधी के साथ सहानुभूति का नहीं बल्कि इस बात का है कि देश का लोकतंत्र और संविधान बचेगा कि नहीं। हम किसी दल को सहानुभूति नहीं दे सकते, लेकिन यह कह सकते हैं कि प्रदेश में जो मजबूती से भाजपा का मुकाबला कर रहे हैं उन दलों का सहयोग और मदद उन राष्ट्रीय दलों को करना चाहिए।’’ सपा अध्यक्ष ने कहा, कि ‘उन राष्ट्रीय दलों को यह भूल जाना चाहिए कि क्षेत्रीय दल उनका कोई नुकसान कर रहे हैं। अगर कभी क्षेत्रीय दलों का नुकसान हुआ है तो दिल्ली की सरकारों ने हमेशा उनका नुकसान किया है।’’

उन्होंने कहा, कि ‘आज सीबीआई(केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो), ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) और आयकर विभाग क्षेत्रीय दलों को निशाना बना रहे हैं। चाहे नेताजी हों, लालू प्रसाद यादव जी हों, जयललिता रही हों, चाहे आज स्टालिन हों, केसीआर (के चंद्रशेखर राव) हों, चाहे दिल्ली की आम आदमी पार्टी हो। इसलिए राष्ट्रीय पार्टयिों के लिए क्षेत्रीय पार्टियाें खतरा नहीं है बल्कि स्थिति यह आ गई है कि क्षेत्रीय पार्टियाें राष्ट्रीय पार्टियाें का मुकाबला करेंगी।’’ उन्होंने एक अन्य सवाल पर कहा, कि ‘गठबंधन बनाना हमारा काम नहीं है। गठबंधन के साथ सहयोग करना हमारा काम है।’’ यादव ने एक सवाल पर कहा, कि ‘भाजपा कोई दल नहीं है बल्कि न जाने कैसा संगठन है। सवाल यह नहीं है कि सांप्रदायिक कौन है। हमारे देश का पढ़ा-लिखा और जागरूक वर्ग अगर सांप्रदायिक हो जाए और वह झूठ को सच मानने लगे तो उससे बड़ा खतरा समाज और लोकतंत्र को कोई नहीं हो सकता। आज हम उस स्थिति में पहुंच गए हैं।’’

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी आगामी पांच जून तक प्रदेश के हर लोकसभा क्षेत्र में प्रत्येक बूथ पर अपना संगठन तैयार कर लेगी और आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा का मजबूती से मुकाबला करेगी। सपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरणमय नंदा ने इस अवसर पर कहा कि हाल ही में कोलकाता में हुई पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक में आगामी लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की 80 में से कम से कम 40 सीटों पर जीत हासिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर विकास के झूठे दावे और आंकड़े पेश करने का आरोप लगाते हुए सनसनीखेज दावा किया। उन्होंने आरोप लगाया, कि ‘बजट भाषण में प्रदेश की विकास दर 16.9 % बताई गई। सरकार जो यह झूठ बोलती है, उसके लिए उसने कंसलटेंट रखा है कि यह झूठ कैसे सच में बदला जाए। अपना एक झूठ छिपाने के लिए एक कंपनी को 200 करोड़ रुपये सरकार दे रही है। डेलॉइट कंपनी को 200 करोड़ रुपएदिए गए हैं।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें