Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

देश के ग्रोथ इंजन की भूमिका निभाने को तैयार है ‘नया उत्तर प्रदेश’ : CM Yogi

February 10, 2023

देश के ग्रोथ इंजन की भूमिका निभाने को तैयार है ‘नया उत्तर प्रदेश’ : CM Yogi

लखनऊः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश के ग्रोथ इंजन की भूमिका निभाने को यूपी तैयार है। मुख्यमंत्री योगी शुक्रवार को यहां तीन दिवसीय वैश्विक निवेशक सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उत्तर प्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के शुभारंभ के मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के रिफॉर्म, परफॉर्म, ट्रांसफार्म के मंत्र को आत्मसात कर यूपी ने जो प्रयास किए, उसी का परिणाम है कि आज इस निवेश के महाकुंभ के माध्यम से उत्तर प्रदेश को 32 लाख 92 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। नवीकरणीय ऊर्जा, रियल एस्टेट, शिक्षा, पर्यटन, इलेक्ट्रॉनिक वाहन मैन्युफैरिंग, हाउसिंग, फूड प्रोसेसिंग जैसे अनेक सेक्टरों में अब तक हुए 18645 एमओयू के जरिये होने जा रहा यह निवेश प्रदेश में 92 लाख 50 हजार से अधिक नौकरी व रोजगार के नए अवसर सृजित करने वाला होगा।

तीन दिवसीय वैश्विक निवेशक सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में प्रधानमंत्री, रक्षामंत्री, राज्यपाल, अनेक केंद्रीय मंत्रीगणों, विश्व स्तर के नीति निर्धारकों, कॉपोर्रेट जगत के शीर्ष नेतृत्व, व्यापारिक प्रतिनिधिमंडलों, एकेडेमिया, विचार मंच एवं प्रबुद्धजनों की उपस्थिति के उत्साहजनक माहौल के बीच मुख्यमंत्री ने सभी को उत्तर प्रदेश के विकास में सहभागिता के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने बीते 6 वर्षों में उत्तर प्रदेश में व्यापक बदलाव की यात्र को साझा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी के विजनरी नेतृत्व के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में बेहतर कानून-व्यवस्था और निवेश को प्रोत्साहित करने वाली 25 सेक्टोरल नीतियों के माध्यम से उत्तर प्रदेश ने अपने परिवेश को औद्योगिक विकास के अनुकूल बनाया है।

निवेशकों की सुविधा के लिए समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर करने एवं उनके कार्यान्वयन की निगरानी के लिए निवेश सारथी ऑनलाइन प्रणाली है। साथ ही एक ऑनलाइन इंसेंटिव मैनेजमेंट और और ‘कस्टमर रिलेशनशिप मैनेजमेंट पोर्टल’ (निवेश सारथी) भी उपयोगी सिद्ध हो रहा है। ऑनलाइन सिंगल विंडो पोर्टल निवेश मित्र पर 33 विभागों की 406 सेवाएं उपलब्ध हैं। निवेशकों की सहायता के लिए उद्यमी मित्र की तैनाती की जा रही है। समिट आयोजन से जुड़ी तैयारियों को साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन्वेस्टर्स समिट से पूर्व उत्तर प्रदेश के मंत्रीगणों के समूह द्वारा 16 देशों के 21 शहरों में रोड शो आयोजित किए गए, साथ ही देश के 9 बड़े नगरों में भी रोड शो हुए। इसमें हमें विदेशों में तैनात भारतीय मिशनों, राजदूत गणों, उच्चायुक्तों, व्यापारिक व औद्योगिक संगठनों का सहयोग मिला। इन सभी के सकारात्मक सहयोग से प्रधानमंत्री के विजन को आगे बढ़ाते हुए उत्तर प्रदेश की एक ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य सफल होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज इस निवेश महाकुंभ से प्रदेश के सभी 75 जनपद जुड़े हुए हैं। हर जिले में निवेश के कार्यक्रम हो रहे हैं।

प्रदेश की औद्योगिक नीति व सेक्टरोल पॉलिसी से परिचय कराते हुए उन्होंने कहा कि भारत के फूड बास्केट के रूप में जाना जाने वाला उत्तर प्रदेश खाद्यान्न, दूध, गन्ना समेत कई वस्तुओं के उत्पादन में प्रथम स्थान पर है। प्रदेश सरकार ने आईटी/आईटीईएस, डेटा सेंटर, ईएसडीएम, डिफेंस एवं एयरोस्पेस, इलेक्ट्रिक वाहन, वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक्स, पर्यटन, टेक्सटाइल, एमएसएमई, आदि सहित विभिन्न क्षेत्रों में निवेश आकर्षित करने के लिए लगभग 25 नीतियों को तैयार कर नीति संचालित शासन के माध्यम से औद्योगिक विकास के लिए एक समग्र पारिस्थितिकी तंत्र बनाने की दिशा में अनेक सुधारात्मक कदम उठाए हैं। यमुना एक्सप्रेसवे के निकट राज्य का पहला मेडिकल डिवाइस पार्क का शुभारंभ किया गया है। इसी प्रकार यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में फिल्म सिटी, टॉय पार्क, अपैरल पार्क, हैंडीक्राफ्ट पार्क, लॉजिस्टिक हब विकसित किए जा रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें