Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

जन्माष्टमी के मौके पर चप्पे-चप्पे पर कड़ा पहरा, पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एजवाइजरी, घर से निकलने से पहले जरूर पढ़ लें डायवर्जन

August 26, 2024

जन्माष्टमी के मौके पर चप्पे-चप्पे पर कड़ा पहरा, पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एजवाइजरी, घर से निकलने से पहले जरूर पढ़ लें डायवर्जन

नोएडा। देशभर में आज जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है। इस अवसर पर मंदिरों को सजाया गया है और पंडाल भी लगाए गए हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु, भगवान के दर्शन के लिए मंदिरों में पहुंच रहे हैं। जन्माष्टमी के दिन भगवान श्री कृष्ण की पूजा अर्चना को लेकर रात 12:00 बजे तक मंदिरों में विशेष कार्यक्रम के प्रबंध किए गए हैं। नोएडा स्थित इस्कॉन टेंपल में भी विशेष पूजा अर्चना का कार्यक्रम रखा गया है, जिसको देखते हुए पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी की है।

एक तरफ जहां सीसीटीवी कैमरों के साथ निगरानी की जाएगी। वहीं दूसरी तरफ ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी कर दी गई है। पुलिस कमिश्नर (गौतमबुद्ध नगर) लक्ष्मी सिंह के निर्देश के बाद डीसीपी नोएडा रामबदन सिंह की निगरानी में बीती देर रात एडीसीपी मनीष कुमार मिश्र ने सेक्टर-24 क्षेत्र के अंतर्गत इस्कॉन मंदिर का भ्रमण किया और इस दौरान उन्होंने श्री कृष्ण जन्माष्टमी को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उनके द्वारा मंदिर पदाधिकारियों के साथ बातचीत कर यातायात व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण व श्रद्धालुओं के आवागमन को लेकर संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।

श्री कृष्ण जन्माष्टमी के उत्सव पर इस्कॉन मंदिर में भारी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। इसी को लेकर एंट्री-एग्जिट पॉइंट, पुलिस डय़ूटी पॉइंट, यातायात व्यवस्था व सीसीटीवी आदि को लेकर संबंधित को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही कुछ दिन पहले ही इस्कॉन टेंपल के आसपास के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की जा चुकी है। इसके मुताबिक, एनटीपीसी अंडरपास चौराहा से गिझौड़ चौराहा की ओर तथा गिझौड़ चौक से एनटीपीसी की ओर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

जिन वाहनों को गिझौड़ चौराहा से अट्टा अंडरपास की ओर आना है, वे वाहन गिझौड़ चौराहा से बांये मुड़कर होशियारपुर तिराहे से दाहिने मुड़कर सिटी सैंटर या गिझौड़ चौक से दाहिने मुड़कर समरविला तिराहा होकर आगे जा सकते हैं। तथा जिन वाहनों को कार्यक्रम स्थल की ओर (इस्कॉन मंदिर) आना है, वे वाहन एडोब बिल्डिंगके बराबर में बनी पार्किंग में अपने वाहन पार्क कर पैदल मंदिर में प्रवेश करेंगे।

वीवीआईपी पार्किंग में जाने वाले वाहन सैक्टर 33, 34 तिराहा से प्रवेश कर शिल्प हॉट पार्किंग में अपने वाहन खडा कर पैदल जा सकेंगे। इसके अलावा जिन वाहनों को 31/25 चौराहा से गिझौड़ चौराहा होते हुए सेक्टर- 60, 62, इन्दिरापुरम, गाजियाबाद की ओर जाना है। वे वाहन सैक्टर 31,25 चौराहा से स्पाईस मॉल चौराहा से एडॉब चौक, सेक्टर- 22, 23, 54 तिराहा से गिझौड़ चौराहा होते हुए अपने गन्तव्य को जा सकेंगे।

एलीवेटेड रोड के ऊपर यातायात निर्बाध रूप से चलता रहेगा। पुलिस द्वारा जारी की गई ट्रेफिक एडवाइजरी के मुताबिक आज इस्कॉन या एनटीपीसी लूप से यातायात का उतरना व चढ़ना प्रतिबंधित रहेगा। गिझौड़ से इस्कॉन मंदिर की ओर तथा सैक्टर 31, 25 से गिझौड़ की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें