Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

पेपर मिल में हुआ जबरदस्त धमाका, शिफ्ट इंचार्ज की मौके पर मौत, कई झुलसे

July 6, 2025

पेपर मिल में हुआ जबरदस्त धमाका, शिफ्ट इंचार्ज की मौके पर मौत, कई झुलसे

Paper mill explosion : उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक बड़ी घटना घटी है। रविवार को एक कंपनी में काम करते समय विस्फोट हो गया, जिसमें एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य कर्मचारी बुरी तरह झुलस गए। यह घटना थाना नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव तिगरी स्थित वीर बालाजी पेपर मिल में हुई।

घायलों का इलाज जारी-
जानकारी के अनुसार, वीर बालाजी पेपर मिल में तड़के सुबह विस्फोट हो गया। तेज धमाके से मशीन का एक हिस्सा बिखर गया। दीवार का एक हिस्सा भी गिर गया। घटना के वक्त कंपनी के शिफ्ट इंचार्ज अंकित शर्मा यहां मौजूद थे, जो आग की चपेट में आ गए। इस दौरान 4 अन्य कर्मचारी भी झुलस गए, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

धमाके से हिले घर-
स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के लोगों के घर भी हिल गए। इससे गांव के लोगों में भी दहशत फैल गई। जानकारी जुटाने पर फैक्ट्री में विस्फोट होने की बात पता चली। यहां देखा तो सब कुछ बिखरा पड़ा था। स्थानीय व्यक्ति के अनुसार, एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 कर्मचारी बुरी तरह झुलस गए।

फैक्ट्री का हुआ था विरोध-
उनका आरोप है कि इस फैक्ट्री का शुरू से ही विरोध किया जा रहा था। इसकी वजह से यहां प्रदूषण फैल रहा था, लेकिन किसी ने नहीं सुनी। हवा के साथ-साथ पानी भी प्रदूषित हो गया है, जिसकी वजह से लोगों में कैंसर फैल रहा है। फिलहाल स्थानीय लोग मृतक अंकित शर्मा के परिवार के साथ खड़े हैं और मुआवजे की मांग कर रहे हैं।

परिजनों ने उठाए सवाल-
मृतक के परिजनों ने बताया कि अंकित को रात में फैक्ट्री में ही रखा गया था, जबकि अन्य स्टाफ नहीं आया था। सुबह 5:30 बजे हमें हादसे की जानकारी दी गई। मृतक अंकित के परिजनों ने सवाल उठाए हैं कि रात 11 बजे से फोन बंद था। घटना की जानकारी सीधे सुबह 5:30 बजे दी गई। इस दौरान क्या हुआ, इसका पता लगाया जाना चाहिए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें