Last Updated: October 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

शुभम द्विवेदी के नाम पर कानपुर में पार्क और चौक का नाम रखा जाएगा: महापौर

April 26, 2025

शुभम द्विवेदी के नाम पर कानपुर में पार्क और चौक का नाम रखा जाएगा: महापौर

कानपुर। कानपुर नगर की महापौर प्रमिला पांडेय ने कहा कि शय़ाम नगर में एक पार्क और चौक का नाम शुभम द्विवेदी के नाम पर रखा जाएगा। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों में उत्तर प्रदेश के कानपुर निवासी कारोबारी शुभम द्विवेदी भी शामिल थे। शुभम की शादी इसी साल 12 फरवरी को हुई थी और उनकी पत्नी के सामने कारोबारी की हत्या कर दी गई। पांडेय ने कहा कि पार्क और चौक का नाम शुभम द्विवेदी के नाम पर रखना उन्हें श्रद्धांजलि देने का तरीका है।

कानपुर की महापौर ने संवाददाताओं से कहा कि अगर दिवंगत की पत्नी आशान्या इच्छुक होंगी तो कानपुर नगर निगम उन्हें अनुबंध के आधार पर नौकरी देगा। उन्होंने कहा, ‘‘हमने फैसला किया है कि कानपुर नगर निगम (केएमसी) शय़ाम नगर स्थित एक पार्क और एक चौक का नाम शुभम द्विवेदी पर रखेगा, जिनकी पहलगाम में आतंकवादियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।’’

कानपुर की महापौर प्रमिला पांडेय, भाजपा के पार्षदों और केएमसी के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने शुक्रवार को केएमसी मुख्यालय से मोतीझील तक रैली निकाली और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री तथा उसके सेना प्रमुख आसिफ मुनीर का पुतला फूंका। पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकवादी हमले की आलोचना करते हुए महापौर ने कहा कि यह एक कायराना हरकत है, क्योंकि इस अमानवीय कृत्य में कई निर्दोष लोगों की जान चली गई। उन्होंने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें