Last Updated: October 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

PCS : आयोग के आंशिक निर्णय के बाद धीमा पड़ा छात्र आंदोलन

November 15, 2024

PCS : आयोग के आंशिक निर्णय के बाद धीमा पड़ा छात्र आंदोलन

प्रयागराज। प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) की प्रारंभिक परीक्षा एक ही दिन कराने के उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) के निर्णय के बाद आयोग के कार्यालय के सामने जारी छात्र आंदोलन शुक्रवार को धीमा पड़ता नजर आया। छात्र शिव कुमार मौर्य ने बताया कि छात्र प्रदर्शनकारियों की संख्या कल तक 10,000 से अधिक थी लेकिन शुक्रवार सुबह यह कम होकर सैकड़ों में रह गई तथा प्रदर्शनकारी छात्रों की संख्या कम होने के बाद आयोग के सामने की एक सड़क लोगों के आवागमन के लिए खोल दी गई। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने अभ्यर्थियों की मांगों को स्वीकार करते हुए बृहस्पतिवार को समीक्षा अधिकारी (आरओ) और सहायक समीक्षा अधिकारी (ARO) परीक्षा स्थगित कर दी और प्रांतीय सिविल सेवा (पीसीएस) प्रारंभिक परीक्षा को पुराने पैटर्न पर आयोजित करने की घोषणा की।

पीसीएस की तैयारी कर रहे छात्र गणेश द्विवेदी ने कहा कि सरकार ने पीसीएस की परीक्षा एक दिन में कराने का बहुत अच्छा निर्णय किया है जिससे पीसीएस की परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों में बहुत खुशी है। वहीं, एक अन्य छात्र मयंक जैन ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सरकार आरओ-एआरओ की परीक्षा पर भी जल्द निर्णय करेगी और इसी मांग को लेकर छात्र धरने पर बैठे हैं क्योंकि यदि इस आंदोलन के दौरान इस पर निर्णय नहीं लिया गया तो यह ठंडे बस्ते में चला जाएगा।

छात्र दीपक सिंह ने कहा कि यह फैसला (पीसीएस परीक्षा एक दिन में कराने का) सही समय पर लिया गया है और इस निर्णय से छात्रों का भविष्य सुरक्षित होगा एवं वे निश्चिंतता से परीक्षा की तैयारी कर सकेंगे। इसी तरह, एक अन्य छात्र देवेंद्र प्रजापति ने कहा, हमें मुख्यमंत्री पर पूरा भरोसा है कि वह आयोग को आरओ-एआरओ पर भी जल्द निर्णय करने का निर्देश देंगे जिससे इस परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र निश्चिंतता के साथ तैयारी कर सकेंगे।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें