Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

पुलिस की जांच में कुमार विश्वास के काफिले पर हमले वाली बात में नहीं मिला दम

November 9, 2023

पुलिस की जांच में कुमार विश्वास के काफिले पर हमले वाली बात में नहीं मिला दम

गाजियाबादः गाजियाबाद में रहने वाले कवि डॉ. कुमार विश्वास द्वारा लगाए गए हमले के प्रयास के आरोप पुलिस की शुरुआती जांच में फिलहाल साबित नहीं हुए हैं। गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट ने बुधवार रात 10.20 बजे एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘आज संज्ञान में आए प्रकरण में कुमार विश्वास के काफिले पर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा हमले के संबंध में प्रारंभिक जांच के क्रम में आरोप सिद्ध नहीं हुए हैं। थाना इंदिरापुरम पुलिस द्वारा अग्रिम जांच के क्रम में वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।‘ वहीं दूसरी तरफ, डॉक्टर पल्लव बाजपेई की तरफ से अज्ञात सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ थाना इंदिरापुरम में बुधवार को जो एप्लिकेशन दी गई थी, उस पर अब तक कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। इसे लेकर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) में आक्रोश है।

बुधवार देर रात तक डॉक्टरों का इंदिरापुरम थाने पर आना-जाना लगा रहा। इस केस में आईएमए ने गुरुवार को गाजियाबाद के वसुंधरा में एक बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है। इसमें खुद राष्ट्रीय अध्यक्ष मौजूद रहेंगे। आईएमए वेस्ट गाजियाबाद ने कुमार विश्वास को लिखा, ‘यह व्यवहार आपकी धृष्टता, घमंड और झूठ की पराकाष्ठा दिखाती है। श्रीराम का नाम लेने वाले ऐसा कृत्य करते हैं। आप वीडियो देखें। आपके सुरक्षाकर्मी क्या व्यवहार कर रहे हैं, ऐसे डॉक्टर के साथ जो ड्रेस में इमरजेंसी अटेंड करने जा रहा था।‘ उधर, डॉक्टर पल्लव बाजपेई ने बताया कि उनका मेडिकल परीक्षण हो गया है। उनको कई चोट लगी है। गौरतलब है कि इस पूरे मामले में कुमार विश्वास की तरफ से सीआरपीएफ और यूपी पुलिस के थाना इंदिरापुरम में शिकायत की गई थी।

ये शिकायत आनंद प्रसाद, अमित सिंह भदौरिया और रवि कांत की तरफ से संयुक्त रूप से की गई। इसमें लिखा है, ‘हम कुमार विश्वास को गृह मंत्रलय द्वारा प्रदत्त वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा के सुरक्षाकर्मी हैं। 8 नवंबर को दोपहर डेढ़ बजे हम लोग कुमार विश्वास के साथ अलीगढ़ जा रहे थे। हिंडन नदी तट के पास एक संदिग्ध कार ने हमारी कार से टकराने की कोशिश की। फिर हमारे पीछे आ रही कुमार विश्वास की गाड़ी में टक्कर मारने की कोशिश की। संदिग्ध गतिविधियों को देख हमने उस गाड़ी को जांच के लिए रोका। कार सवार व्यक्ति उग्र होकर मारपीट करने लगा।‘

ये भी पढे़ं- SHO साहब पर रील बनाने का चढ़ा ऐसा फितूर कि, अब मामला…

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें