Last Updated: November 17, 2026

Dainik Savera Times Logo

प्रधानमंत्री की प्रशंसा से मेरा संकल्प और मजबूत हुआ : चंदा देवी

December 24, 2023

प्रधानमंत्री की प्रशंसा से मेरा संकल्प और मजबूत हुआ : चंदा देवी

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हालिया वाराणसी दौरे में उनसे संवाद कर सुर्खियों में आयीं ‘‘लखपति दीदी’’ के नाम से मशहूर चंदा देवी का कहना है कि प्रधानमंत्री की प्रशंसा ने सरकारी योजनाओं का उपयोग करने वाली साथी बहनों के उत्थान के लिए काम करने के उनके संकल्प को और मजबूत किया है। सरकारी योजनाओं से परिवार की जीवन शैली और किस्मत बदलने वाली मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के सेवापुरी विकास खंड के रामपुर गांव की निवासी 35 वर्षीय चंदा देवी के आत्मविश्वास और उनके धारा प्रवाह भाषण की शैली की प्रधानमंत्री ने सराहना की थी। चंदा देवी ने तब लोगों का और ज्यादा ध्यान आर्किषत किया जब मोदी ने उनसे पूछा कि ‘आप इतना बढिय़ा भाषण दे रही हो, क्या चुनाव लड़ोगी?’। चंदा देवी ने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि वह प्रधानमंत्री से आमने-सामने बातचीत करेंगी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 18 दिसंबर को ‘विकसित भारत संकल्प यात्र’ के तहत बरकी ग्राम सभा में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभाíथयों से संवाद करते हुए चंदा देवी से सबसे ज्यादा देर तक बात की और बाद में रैली को संबोधित करते हुए भी उनकी सराहना की। रैली में मोदी ने कहा, ‘‘आज अभी यहीं हमारी एक बहन चंदा देवी का मैंने भाषण सुना, इतना बढ़िया भाषण था, यानी मैं कहता हूं बड़े-बड़े लोग भी ऐसा भाषण नहीं कर सकते।’’ चंदा देवी ने कहा, ‘‘चुनाव लड़ने के लिए कहे जाने की बात तो दूर मैंने तो प्रधानमंत्री से मिलने के बारे में भी सपने में नहीं सोचा था। यह मेरे लिए बहुत गर्व की बात है कि मैं उनसे मिली और आठ से नौ मिनट तक बातचीत करने का मौका भी मिला।’’ चंदा देवी के आत्मविश्वास और वाक्पटुता से प्रभावित होकर प्रधानमंत्री ने उनसे उनकी शैक्षिक पृष्ठभूमि के बारे में पूछा और यह भी पूछा कि ‘क्या इतना बढिय़ा भाषण दे रही हो, क्या कभी चुनाव लड़ी हो?’ उनके नहीं कहने पर मोदी ने पूछा कि ‘क्या भविष्य में चुनाव लड़ोगी’?, इस पर चंदा देवी ने इनकार किया।

चंदा देवी पिछले एक दशक से ‘राधा महिला सहायता समूह’ से जुड़ी हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैं ‘राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन’ से जुड़ने के बाद आत्मनिर्भर बन गई हूं और अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रोत्साहित कर रही हूं। ‘बैंक सखी’ के रूप में काम करके मैंने अपनी एक अलग पहचान बनाई है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री द्वारा मेरी प्रशंसा करना और चुनाव लड़ने के लिए कहना उनकी महानता को दर्शाता है। उनके इस कदम से मुझे बहुत खुशी और संतुष्टि हुई है। इससे मेरी साथी बहनों और मेरे परिवार की जीवनशैली को और बेहतर बनाने के लिए कड़ी मेहनत करने का मेरा संकल्प और मजबूत हुआ है।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें