
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा मन की बात में ऑपरेशन सिंदूर पर व्यक्त किए गए विचार भारत के मन की बात को व्यक्त करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी के 122वें मन की बात कार्यक्रम को दिल्ली में सुनने के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक एक्स खाते पर श्रृंखलाबद्ध पोस्ट में उनकी सराहना की। पोस्ट में योगी ने कहा आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा ऑपरेशन सिंदूर के विषय में आज ‘मन की बात कार्यक्रम’ में व्यक्त विचार भारत के मन की बात को अभिव्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 140 करोड़ भारतवासी आतंकवाद के विरुद्ध एकजुट हैं और पूर्ण विश्वास व प्रतिबद्धता से भारतीय सेना के साथ खड़े हैं।
योगी ने कहा आज हर भारतीय का यही संकल्प है, हमें आतंकवाद को खत्म करना ही है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हमारी सेनाओं ने जो पराक्रम दिखाया है, उसने हर हिंदुस्तानी का सिर ऊंचा कर दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर में स्वदेशी हथियारों, उपकरणों और तकनीक की सफलता से विश्व ने आत्मनिर्भर भारत की गूंज को सुना है। उन्होंने कहा, भारत के जन-गण के मन को राष्ट्र प्रथम की भावना, राष्ट्रवादी चेतना और स्वदेशी गौरव बोध से दीप्त करते उद्बोधन के लिए प्रधानमंत्री जी का हार्दिक आभार। लखनऊ में जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के मुख्यमंत्री परिषद की बैठक में शिरकत के लिए गए दिल्ली गए योगी ने राष्ट्रीय राजधानी में केंद्रीय मंत्रियों और अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना।
ये भी पढ़ें- बिहार बोर्ड की 10वीं क्लास का रिजल्ट हुआ जारी, पुष्पांजलि और सबरीन ने किया टॉप