Last Updated: October 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

ग्रेटर नोएडा में स्क्रैप माफिया रवि काना गिरोह का इनामी सदस्य गिरफ्तार

March 15, 2024

ग्रेटर नोएडा में स्क्रैप माफिया रवि काना गिरोह का इनामी सदस्य गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा में पुलिस लगातार रवि काना गैंग के लोगों को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है। उसके गैंग से जुड़े कई लोगों की गिरफ्तारी पहले हो चुकी है। इसी कड़ी में ग्रेटर नोएडा की बीटा 2 पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई में रवि काना गैंग के 25 हजार के एक इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, थाना बीटा-2 पुलिस व स्वाट टीम के संयुक्त अभियान में 14 मार्च को 25 हजार के इनामी वांछित अभियुक्त अमन शर्मा को एटीएस गोल चक्कर थाना क्षेत्र बीटा-2 से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त शातिर किस्म का अपराधी एवं स्क्रैप माफिया रवि काना के गैंग का सदस्य है। रवि नागर उर्फ रविन्द्र सिंह उर्फ रवि काना इस गैंग का लीडर है और पकड़ा गया आरोपी इस गैंग का सदस्य, जो सरिया व स्क्रैप के व्यवसाय में लम्बे समय से सक्रिय है।

गैंग के सदस्य विभिन्न निर्माणाधीन साईटों पर जाने वाले सरिये के ट्रकों को रोक कर चालक से मिलीभगत कर सरिया उतरवा लेते थे और रवि काना साईट के मैनेजर को डरा धमकाकर स्टॉक बुक में पूरा वजन लिखवाता था। ट्रक से उतारे गये सरिया को बाजार भाव से व्यापारियों को बेचकर गैंग मोटा मुनाफा कमाता था। इस गिरोह के सदस्य राजकुमार नागर, अनिल नाग, आजाद नागर, विकास नागर, विक्की, अफसार, राशिद अली, प्रहलाद, महकी नागर को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।गिरफ्तार अभियुक्त अमन स्क्रैप माफिया की गाड़ी चलाने का काम करता था और गाड़ी को चौराहों पर खड़ा कर स्क्रैप/सरिया के ट्रकों को पास कराने का कार्य करता था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें