Last Updated: October 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

बलिया में दलित किशोरी से सामूहिक बलात्कार का दूसरा आरोपी गिरफ्तार

October 9, 2023

बलिया में दलित किशोरी से सामूहिक बलात्कार का दूसरा आरोपी गिरफ्तार

बलियाः उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के बैरिया थाना क्षेत्र में एक दलित किशोरी के साथ उसके गांव के रहने वाले दो युवकों द्वारा कथित रूप से सामूहिक बलात्कार किए जाने के मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पहले आरोपी को पुलिस शुक्रवार को ही गिरफ्तार कर चुकी थी। बैरिया थाना प्रभारी धर्म वीर सिंह ने दर्ज प्राथमिकी का हवाला देते हुए सोमवार को बताया कि बैरिया थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 17 वर्षीय दलित किशोरी के साथ उसी के गांव के रहने वाले सालिक सिंह और दीपक यादव ने गत दो अक्टूबर की शाम को कथित तौर पर बलात्कार किया था। सिंह के मुताबिक, बलात्कार के बाद जब किशोरी की तबीयत बिगड़ने लगी, तो दोनों आरोपियों ने उसे सोनबरसा स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।

उन्होंने बताया कि चिकित्सक की सलाह पर आरोपियों ने किशोरी का जिला अस्पताल में इलाज कराया और फिर चार अक्टूबर को उसे उसके घर छोड़ दिया। सिंह के अनुसार, किशोरी के बारे में पूछने पर आरोपियों ने उसके पिता को जातिसूचक शब्द बोले। उन्होंने बताया कि किशोरी के पिता की तहरीर पर बैरिया थाने में सालिक सिंह और दीपक यादव के खिलाफ पांच अक्टूबर को नामजद मुकदमा दर्ज किया गया। सिंह के मुताबिक, पुलिस ने शुक्रवार को दीपक यादव को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा आरोपी सालिक सिंह रविवार को उसके हत्थे चढ़ा। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों की उम्र 20 से 22 साल के बीच है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें