Last Updated: October 29, 2026

Dainik Savera Times Logo

शाइस्ता की चिट्ठी भी Social Media पर हुई वायरल, जताई थी पति और देवर की हत्या की आशंका

April 18, 2023

शाइस्ता की चिट्ठी भी Social Media पर हुई वायरल, जताई थी पति और देवर की हत्या की आशंका

प्रयागः माफिया अतीक और अशरफ के हत्याकांड के बाद हर रोज नए खुलासे हो रहे हैं। अब शाइस्ता की चिट्ठी भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इस चिट्ठी में अतीक और अशरफ की हत्या की जाने की आशंका जताई थी। कथित पत्र में शाइस्ता ने लिखा था कि उमेश पाल मर्डर केस में उनके और उनके पति अतीक अहमद, देवर अशरफ और बेटे असद के खिलाफ साजिश रचने का आरोप निराधार है।शाइस्ता के खत के मुताबिक, ‘‘सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बेटे अली को शूटर बताने का आरोप भी बेबुनियाद है।’’ चिट्ठी में शाइस्ता ने इसे राजनीतिक रंजिश का मामला बताते हुए कहा था कि बसपा ने जब से उन्हें प्रयागराज के मेयर का प्रत्याशी घोषित किया है, तबसे यहां के एक स्थानीय नेता और सरकार में काबीना मंत्री ने साजिश रचना शुरू कर दिया था और उसी साजिश में उमेश पाल की हत्या हुई।

उन्होंने लिखा था कि उमेश पाल विधायक राजू पाल की हत्या में गवाह नहीं थे। उमेश पाल अपने अपहरण के मामले में वादी थे जिसमें उनकी गवाही 16-17 अगस्त 2016 को दर्ज हो चुकी है। शाइस्ता ने लिखा कि मेरे पति अतीक और देवर अशरफ के पास उमेश पाल की हत्या का कोई मकसद नहीं था। ये एक गंभीर राजनीतिक साजिश है। पत्र में आरोप लगाया कि पुलिस उसके पति अतीक अहमद और देवर अशरफ को अहमदाबाद और बरेली जेल से लाकर हत्या की साजिश रच रही है।

चिट्ठी में शाइस्ता ने कहा, कि ‘उमेश पाल राजूपाल हत्याकांड में गवाह नहीं थे, इसलिए अतीक या अशरफ के पास उनकी हत्या करवाने का कोई मकसद नहीं था, एक गंभीर राजनीतिक साजिश है जिसका पर्दाफाश निष्पक्ष जांच से ही संभव है, क्योंकि प्रयागराज पुलिस पूरी तरह से मंत्री के दबाव में काम कर रही है।’’ चिट्ठी में शाइस्ता ने ये भी आशंका जताई थी कि मुकदमे में रिमांड के बहाने अतीक अहमद और अशरफ की हत्या हो सकती है।

पत्र में लिखा था ‘‘दो पुलिस अधिकारी अतीक के विरोधियों से उनकी हत्या की सुपारी ले चुके हैं।’’ सीएम योगी को लिखा था ‘‘आपके द्वारा मिट्टी में मिलाने के बयान के बाद उन्हें मेरे पति, देवर और बेटों की हत्या का पूरा मौका मिल गया है।’’ शाइस्ता ने अपने पति, देवर और बेटों की रक्षा की गुहार सीएम योगी से लगाई थी। शाइस्ता ने इस पत्र में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी। बता दें कि अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन उमेश पाल हत्याकांड में नामजद है और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित है। प्रयागराज में आज भी कई जगहों पर छापेमारी की गई है। हर उस ठिकाने पर दबिश दी जा रही है, जहां शाइस्ता के छिपे होने की संभावना हो सकती है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें