Last Updated: November 17, 2026

Dainik Savera Times Logo

पितृ पक्ष में विधिविधान के साथ किया जा रहा पूर्वजों का श्राद्ध

September 30, 2023

पितृ पक्ष में विधिविधान के साथ किया जा रहा पूर्वजों का श्राद्ध

जौनपुरः उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य पण्डित ओम प्रकाश चतुर्वेदी ने कहा है कि आश्विन के कृष्ण पक्ष में पूर्वजों के पूजन का पर्व पितृ पक्ष आज से शुरु हो गया है। पितृ पक्ष में लोग तर्पण कर पूर्वजों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के साथ ही पितृ ऋण से मुक्ति की प्रार्थना कर रहे हैं। पितृों का तर्पण और श्राद्ध उनकी तिथि से करना चाहिये। कुछ लोग सभी दिवसों में पितृ को जल देने की मान्यता का निर्वहन करते हैं। ज्योतिषाचार्य के मुताबिक आज प्रथम श्राद्ध है। इस दिन उन पूर्वजों का श्राद्ध किया जाएगा जिनका प्रथमा के दिन निधन हुआ रहता है। उन्होंने कहा कि एक अक्टूबर को द्वितीया है, इस दिन द्वितीया का श्राद्ध लोग करेंगे।

उन्होंने कहा कि तर्पण और श्राद्ध मध्याह्न में करना चाहिए इस समय ही पूर्वज आते हैं ऐसी मान्यता शास्त्रों में है। उन्होंने कहा कि पूर्वजों को पितृपक्ष में श्रद्धा से किया गया श्राद्ध का फल परिवारीजनों को मिलता है । उन्होंने कहा कि इस बार 14 अक्टूबर को पितृ विसर्जन पड़ रहा है और उस दिन सभी लोग जिनको अपने पूर्वजों की मृत्यु का समय नहीं मालूम है वे लोग भी इसी दिन अपने पूर्वजों को श्रद्धा के साथ श्राद्ध कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी मान्यता है कि हमारे पूर्वज पितृ पक्ष शुरु होते ही हर रोज पृथ्वी पर आ जाते हैं और सूर्यास्त तक इस प्रतीक्षा में रहते हैं कि हमारे कुल खानदान का कोई न कोई व्यक्ति मुङो कुछ न कुछ खाने-पीने अथवा पूजा पाठ की सामग्री अवश्य अर्पित करेगा।

सूर्यास्त के पूर्व तक वे प्रतीक्षा करते हैं, जिन लोगों के घरों से पूर्वजों को कुछ न कुछ मिल जाता है, वह तो आशीर्वाद देकर चले जाते हैं और जिन लोगों के घरों से कुछ नहीं मिलता तो पूर्वज पहले रोते हैं और इस आंसू को पीकर इस प्रत्याशा के साथ वापस जाते हैं कि हो सकता है कि कल मेरे खानदान के लोग मुझे कुछ जरुर अर्पित करेंगे, इतने पर भी पूर्वज अपने खानदान वालों की भलाई ही चाहते हैं उन्हें श्राप नहीं देते। इस समय जिले में गया जाने वालों की लाइन लगी हुई है लोग अपने पूर्वजों को तर्पण करने व पिंडदान देने के लिए जा रहे हैं और वहां पर विधि विधान से श्रद्धा के साथ श्राद्ध करके वापस भी आएंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें