Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

आशुतोष ब्रह्मचारी पर ट्रेन में हुए हमले को लेकर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का आया बयान

March 8, 2026

आशुतोष ब्रह्मचारी पर ट्रेन में हुए हमले को लेकर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का आया बयान

यूपी डेस्कः रायबरेली में इन दिनों शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की यात्रा चल रही है। इसी बीच एक नया विवाद सामने आया है। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ पहले यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी पर ट्रेन में हमला होने की खबर सामने आई है। आशुतोष ब्रह्मचारी ने इस हमले के पीछे साजिश होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यह हमला स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के इशारे पर करवाया गया है। हालांकि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने इन सभी आरोपों को पूरी तरह से गलत बताया है।

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
यात्रा के दूसरे दिन जब पत्रकारों ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से इस मामले को लेकर सवाल किया, तो उन्होंने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी मीडिया के माध्यम से ही मिली है। उनका कहना था कि वह खुद यहां बैठे हुए हैं, ऐसे में वह हमला कैसे करवा सकते हैं।

ट्रेन में हमला होने का दावा
जानकारी के अनुसार, आशुतोष ब्रह्मचारी ट्रेन से यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान उन पर हमला होने की बात सामने आई। इसके बाद उन्होंने कहा कि यह हमला सामान्य घटना नहीं है बल्कि इसके पीछे साजिश हो सकती है। आशुतोष ब्रह्मचारी का आरोप है कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने अपने समर्थकों से यह हमला करवाया है। इस मामले के सामने आने के बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है।

अटेंडेंट के बयान का भी किया जिक्र
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि उन्हें यह भी पता चला है कि ट्रेन के अटेंडेंट ने बताया कि जब आशुतोष ब्रह्मचारी बाथरूम की तरफ जा रहे थे तब वह ठीक थे। लेकिन जब वह वापस लौटे तो उन्होंने अपने ऊपर हमला होने का आरोप लगा दिया। स्वामी ने कहा कि इस पूरे मामले की सही जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके।

समर्थकों को दी हिंसा से दूर रहने की सलाह
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने यह भी कहा कि उन्होंने अपने सभी समर्थकों से साफ तौर पर कहा है कि किसी भी तरह की हिंसा या किसी को शारीरिक नुकसान पहुंचाने जैसा काम बिल्कुल न करें। उनका कहना है कि उनकी ओर से कभी भी किसी को ऐसा करने के लिए नहीं कहा गया।

21 लाख रुपये के इनाम वाले सवाल पर भी दी सफाई
जब पत्रकारों ने उनसे 21 लाख रुपये के इनाम को लेकर सवाल किया तो उन्होंने कहा कि उन्हें इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि उन्होंने किसी भी तरह का कोई इनाम घोषित नहीं किया है। अगर किसी ने इनाम की घोषणा की है तो वह उसी का फैसला होगा, इसमें उनका कोई संबंध नहीं है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें